प्यार में मिला धोखा तो रची ‘बम’ की साजिश, UP ATS ने आजमगढ़ से दबोचा शातिर साइबर अपराधी
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश एटीएस (ATS) ने एक बेहद चुनौतीपूर्ण मामले का खुलासा करते हुए आजमगढ़ के निवासी विशाल रंजन को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त ने अपनी पहचान छुपाने के लिए वीपीएन (VPN) के पेड वर्जन और प्रोटॉन मेल (Proton Mail) जैसी एन्क्रिप्टेड सेवाओं का सहारा लेकर जौनपुर न्यायालय और पुलिस लाइन को बम से उड़ाने की धमकी दी थी।
क्या थी घटना?
17 फरवरी 2026 को जिला न्यायाधीश, जौनपुर की सरकारी ईमेल आईडी पर पांच अलग-अलग ईमेल भेजे गए थे। इन मेल में जौनपुर न्यायालय परिसर और पुलिस लाइन गेट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री से ईमेल में अंकित मोबाइल नंबरों पर 1 लाख रुपये भिजवाने की मांग की गई थी। इस संबंध में थाना लाइन बाजार, जौनपुर में गंभीर धाराओं (BNS और IT Act) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
ATS की जांच और तकनीकी खुलासा
धमकी देने वाला शख्स तकनीकी रूप से काफी शातिर था। उसने अपनी डिजिटल पहचान छुपाने के लिए अपनी लोकेशन बदलने के लिए पेड वीपीएन का उपयोग किया। ट्रैक न होने वाले सुरक्षित ईमेल सर्विस से 50 से अधिक आईडी बनाईं। अलग-अलग लोगों के वाई-फाई नेटवर्क का उपयोग किया ताकि पुलिस उसके घर तक न पहुंच सके।
हालांकि, यूपी एटीएस ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और सोशल मीडिया विश्लेषण के जरिए अभियुक्त विशाल रंजन (निवासी बक्शपुर, आजमगढ़) को ट्रैक कर लिया। उसके कमरे की तलाशी में 5 मोबाइल फोन और 1 लैपटॉप बरामद हुआ, जिसमें 50 से अधिक फर्जी ईमेल और 20 फेसबुक आईडी मिलीं।
साजिश के पीछे की वजह: ‘बदले की आग’
पूछताछ में विशाल ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि वह जिस लड़की से प्यार करता था, उसकी शादी जौनपुर के एक युवक से तय हो गई थी। उसने पहले मंगेतर की फर्जी आईडी बनाकर आपत्तिजनक पोस्ट किए। मामले को सुलझाने के लिए हुई पंचायत में विशाल को माफी मांगनी पड़ी, जिसे उसने अपना अपमान समझा।
बदला लेने के लिए उसने पंचायत में शामिल युवकों और लड़की के मंगेतर के नाम से फर्जी ईमेल आईडी बनाई और उनके मोबाइल नंबर धमकी भरे ईमेल में डाल दिए, ताकि पुलिस उन्हें आतंकवादी समझकर जेल भेज दे।
जांच में यह भी सामने आया कि विशाल आजमगढ़ रोडवेज को भी उड़ाने का मैसेज तैयार कर चुका था। यदि उसकी गिरफ्तारी नहीं होती, तो वह परिवहन निगम को भी इसी तरह की धमकी भेजकर निर्दोष लोगों को फंसाने की योजना बना रहा था।
बरामदगी का विवरण
05 मोबाइल फोन
01 लैपटॉप
02 मेमोरी कार्ड और 04 सिम कार्ड
21,092/- रुपये नकद

