असम चुनाव के लिए कांग्रेस ने 30 नामों पर लगाई मुहर, जोरहाट से चुनाव लड़ सकते हैं गौरव गोगोई

Sandesh Wahak Digital Desk: असम विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपनी कमर कस ली है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी ने 42 में से लगभग 30 उम्मीदवारों के नामों की सूची को अंतिम रूप दे दिया है। सबसे चौंकाने वाली और बड़ी खबर यह है कि लोकसभा में विपक्ष के उपनेता और असम कांग्रेस के कद्दावर चेहरा गौरव गोगोई खुद विधानसभा चुनाव के मैदान में उतर सकते हैं।

गौरव गोगोई फिलहाल जोरहाट लोकसभा सीट से सांसद हैं। 2024 के आम चुनाव में उन्होंने भाजपा के तपन गोगोई को करीब 1.44 लाख वोटों के भारी अंतर से हराया था। अब पार्टी उन्हें जोरहाट विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाने पर विचार कर रही है। गांधी परिवार के करीबी माने जाने वाले गौरव को मैदान में उतारकर कांग्रेस राज्य में मुख्यमंत्री पद के लिए एक मजबूत विकल्प पेश करना चाहती है।

रकीबुल हसन भी रेस में

सिर्फ गौरव ही नहीं, कांग्रेस अपने एक और कद्दावर मुस्लिम नेता और सांसद रकीबुल हसन को भी विधानसभा चुनाव लड़ाने की योजना बना रही है। पार्टी का मानना है कि इन बड़े चेहरों को मैदान में उतारने से न केवल कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा, बल्कि भाजपा को उसके मजबूत किलों में कड़ी टक्कर दी जा सकेगी।

सूत्रों की मानें तो राज्य स्तरीय जांच समिति ने जिला इकाइयों और पर्यवेक्षकों से चर्चा के बाद शुरुआती पैनल तैयार किया है। हालांकि, सूची को अंतिम मंजूरी के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (AICC) को भेजा गया है। पार्टी के भीतर कुछ सीटों पर उम्मीदवारों की ‘जीतने की क्षमता’ (Winnability) और स्थानीय फीडबैक को लेकर अभी भी बारीक मंथन जारी है।

हिमंत बनाम गौरव, कड़ा होगा मुकाबला

असम में इस साल के अंत में चुनाव होने हैं। एक तरफ मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में भाजपा अपनी सत्ता बचाने की कोशिश करेगी, वहीं दूसरी तरफ गौरव गोगोई के नेतृत्व में कांग्रेस वापसी की उम्मीद लगाए बैठी है। गौरव गोगोई 2023 में संसद में अविश्वास प्रस्ताव लाने के बाद से ही राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में रहे हैं और अब उनकी नजरें असम की सत्ता पर हैं।

Also Read: ‘शाम 7 बजे सब खत्म हो जाएगा’, कानपुर सेंट्रल को फिर बम की धमकी से मचा हड़कंप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.