कुशीनगर के किसानों के लिए बड़ी खबर, कल विकास भवन में निकलेगी कृषि यंत्रों की ई-लॉटरी

Sandesh Wahak Digital Desk: कुशीनगर जनपद में कृषि यंत्रों पर सब्सिडी पाने का इंतजार कर रहे किसानों के लिए शुक्रवार का दिन अहम है। उप कृषि निदेशक अतिंद्र सिंह ने बताया कि कृषि यंत्रों के वितरण के लिए 06 मार्च को दोपहर 12 बजे विकास भवन सभागार में ई-लॉटरी का आयोजन किया जाएगा। यह पूरी प्रक्रिया जिलाधिकारी की अध्यक्षता वाली कमेटी की देखरेख में होगी ताकि पूरी पारदर्शिता बनी रहे।

मैसेज से मिलेगी चयन की जानकारी

जिन किसानों का चयन ई-लॉटरी के माध्यम से होगा, उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर तुरंत मैसेज भेजा जाएगा। इस मैसेज में चयन की सूचना के साथ-साथ मशीन खरीदने और उसका बिल पोर्टल पर अपलोड करने की आखिरी तारीख भी बताई जाएगी।

वेटिंग लिस्ट का भी है इंतजाम

विभाग ने इस बार ‘प्रतीक्षा सूची’ (Waiting List) की भी व्यवस्था की है।

कुल लक्ष्य के मुकाबले 50 फीसदी अतिरिक्त किसानों की वेटिंग लिस्ट बनाई जाएगी।

यदि मुख्य सूची में चयनित किसान तय समय के भीतर यंत्र नहीं खरीदते हैं, तो प्रतीक्षा सूची वाले किसानों को मौका दिया जाएगा।

पैसा वापसी और खरीदारी के नियम

जिन किसान भाइयों का चयन लॉटरी में नहीं हो पाएगा, उनकी जमानत राशि सीधे उनके उसी बैंक खाते में वापस कर दी जाएगी जो आवेदन के समय दिया गया था। किसानों को केवल उन्हीं कंपनियों के यंत्र खरीदने होंगे जो कृषि निदेशालय द्वारा प्रमाणित (इम्पैनल) हैं। साथ ही खरीदा गया यंत्र पोर्टल पर रजिस्टर्ड होना जरूरी है।

उप कृषि निदेशक ने साफ किया है कि लॉटरी के समय किसान का वहां मौजूद रहना अनिवार्य नहीं है। हालांकि, जो किसान अपनी आंखों से यह प्रक्रिया देखना चाहते हैं, वे कल दोपहर 12 बजे विकास भवन सभागार पहुंच सकते हैं।

Also Read: ग्रेटर नोएडा: कपिल देव के साथ CM योगी ने किया सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का आगाज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.