Lucknow News: विकास भवन में खुली प्रदेश की पहली सौर ऊर्जा संचालित कैंटीन, महिलाएं होंगी आत्मनिर्भर

Lucknow News: अब विकास भवन आने वालों को न सिर्फ सरकारी कामकाज निपटाने का मौका मिलेगा, बल्कि वे महिला सशक्तिकरण की एक अनोखी मिसाल भी देख सकेंगे। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित ‘प्रगति महिला स्वयं सहायता समूह’ द्वारा संचालित ‘प्रेरणा कैंटीन’ का आज भव्य उद्घाटन किया गया। खास बात यह है कि यह कैंटीन पूरी तरह से सौर ऊर्जा से संचालित होगी और प्रदेश की अपनी तरह की पहली कैंटीन है।

विकास भवन परिसर में स्थित इस कैंटीन का उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अजय जैन, पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस के चैनल मैनेजर सुधांशु राय, सीएसएम वज्रिका नाथ और अनुरागिनी संस्था के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण सिंह जादौन ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में अधिकारी, गणमान्य नागरिक और स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं मौजूद रहीं।

Lucknow News: विकास भवन में खुली प्रदेश की पहली सौर ऊर्जा संचालित कैंटीन, महिलाएं होंगी आत्मनिर्भर

किसने करवाया कैंटीन का कायाकल्प

यह कैंटीन पहले से तो थी, लेकिन अब इसे आधुनिक रूप देने का काम अनुरागिनी संस्था ने किया है। खास बात यह है कि इसका पूरा खर्च पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल ‘शी-सर्व्स परियोजना’ के तहत वहन किया। इस परियोजना के जरिए न सिर्फ कैंटीन को आधुनिक सुविधाओं से सजाया गया, बल्कि इसे सौर ऊर्जा से भी जोड़ा गया, जिससे यह पर्यावरण के अनुकूल और टिकाऊ विकास की एक मिसाल बन गई है।

मुख्य विकास अधिकारी अजय जैन ने इस पहल की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा, इस तरह की परियोजनाएं महिलाओं को सिर्फ आर्थिक रूप से ही मजबूत नहीं बनातीं, बल्कि उनका आत्मविश्वास और सामाजिक पहचान भी बढ़ाती हैं। खासतौर पर सौर ऊर्जा का इस्तेमाल इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक बेहतरीन पहल बनाता है।

पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस के सुधांशु राय और वज्रिका नाथ ने कहा कि उनकी ‘शी-सर्व्स परियोजना’ का मकसद महिलाओं के जीवन में सकारात्मक और स्थायी बदलाव लाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह कैंटीन दूसरों के लिए एक मॉडल साबित होगी।

अनुरागिनी संस्था के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण सिंह जादौन ने इस मौके पर कहा, यह सिर्फ एक कैंटीन का नवीनीकरण नहीं है, बल्कि महिलाओं के सम्मान, आत्मनिर्भरता और सतत विकास की दिशा में एक सशक्त पहल है। उन्होंने बताया कि संस्था पिछले 30 सालों से प्रदेश के विभिन्न जिलों में महिला सशक्तिकरण, जल संरक्षण और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में काम कर रही है और यह परियोजना उसी यात्रा का एक अहम पड़ाव है।

डॉ. जादौन ने आगे कहा, हमारा उद्देश्य सिर्फ रोजगार देना नहीं है, बल्कि महिलाओं को इतना सशक्त बनाना है कि वे खुद अपने फैसले ले सकें और समाज में नेतृत्व की भूमिका निभा सकें। उन्होंने यह भी बताया कि इस कैंटीन का संचालन पूरी तरह से ‘प्रगति महिला स्वयं सहायता समूह’ की महिलाएं करेंगी, जिससे उन्हें आय का एक स्थायी स्रोत मिलेगा।

Lucknow News: विकास भवन में खुली प्रदेश की पहली सौर ऊर्जा संचालित कैंटीन, महिलाएं होंगी आत्मनिर्भर

स्वयं सहायता समूह की महिलाओं में खुशी

इस मौके पर ‘प्रगति महिला स्वयं सहायता समूह’ की सचिव रेखा सोनी भावुक हो गईं। उन्होंने कहा, यह हमारा सपना था, जो आज साकार हुआ है। जब हमने पहली बार इस नई कैंटीन को देखा, तो हमें यकीन ही नहीं हुआ कि यह वही पुरानी कैंटीन है। उन्होंने बताया कि इससे उनकी आय में भी इजाफा होगा और उन्हें एक नई पहचान मिली है।

इस अवसर पर चिनहट की खंड विकास अधिकारी पूजा शुक्ला, काकोरी की खंड विकास अधिकारी भानु सिंह और मोहनलालगंज के खंड विकास अधिकारी आशुतोष श्रीवास्तव समेत कई विभागों के अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

अनुरागिनी संस्था से अरविंद मिश्रा, उपेंद्र सिंह राजावत, हेमा सिंह बिष्ट, श्याम करण प्रजापति, उत्कर्ष सिंह, राज प्रताप सिंह, प्रिंस यादव और ऋषि नामदेव ने भी कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम का संचालन भरत सिंह बिष्ट ने किया।

Also Read: IPL मार्केट में बड़ा उलटफेर, राजस्थान रॉयल्स ने 16,000 करोड़ का ऑफर ठुकराया, RCB की बढ़ेगी कीमत!

Get real time updates directly on you device, subscribe now.