अयोध्या में हनुमान जयंती पर मंदिर के शिखर पर फहराई गई 75 फीट ऊंची धर्म ध्वजा
Ayodhya News: चैत्र पूर्णिमा यानी हनुमान जयंती के शुभ अवसर पर अयोध्या के भव्य राम जन्मभूमि परिसर में एक ऐतिहासिक पल आया। परिसर के दक्षिण द्वार (परकोटे) पर स्थित नवनिर्मित हनुमान मंदिर के शिखर पर पूरे विधि-विधान के साथ धर्म ध्वजा का आरोहण किया गया। यह पल इसलिए भी खास था क्योंकि रामलला के दरबार में उनके सबसे अनन्य भक्त हनुमान जी के मंदिर पर अब विजय पताका लहरा रही है।
विनय कटियार के हाथों हुआ ध्वजारोहण
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में बजरंग दल के संस्थापक और पूर्व सांसद विनय कटियार ने मुख्य यजमान की भूमिका निभाई। उनके हाथों ही मंदिर के शिखर पर ध्वज फहराया गया। इस दौरान महाराष्ट्र भाजपा के सह-प्रभारी जयभान सिंह पवैया और लगभग 150 साधु-संत व विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।

अनुष्ठान और 75 फीट ऊंचा शिखर
गुरुवार सुबह से ही हनुमान मंदिर में उत्सव का माहौल था। सबसे पहले पुजारियों ने बजरंग बली का पंचामृत से अभिषेक किया और उन्हें नए वस्त्र धारण कराए। सुबह करीब 11 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ 75 फीट ऊंचे मंदिर के शिखर पर डोरी खींचकर लाल रंग की धर्म ध्वजा फहराई गई। यह ध्वज हनुमान जी के शौर्य का प्रतीक है, जिस पर उनका विशेष चिह्न अंकित है।
ध्वजारोहण के बाद मंदिर को पूरे दिन खुला रखा गया ताकि आमंत्रित अतिथियों के साथ-साथ परिसर में तैनात सुरक्षाकर्मी और निर्माण कार्य में लगी एजेंसियों के कर्मचारी दर्शन कर सकें। हालांकि, सुरक्षा कारणों से रामलला के दर्शन को आए आम श्रद्धालुओं को फिलहाल हनुमान मंदिर की ओर जाने की अनुमति नहीं दी गई।
बाकी मंदिरों में भी जल्द फहरेगी पताका
ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल कुमार मिश्र और व्यवस्थापक गोपाल राव ने बताया कि हनुमान मंदिर के बाद अब परिसर के अन्य मंदिरों—माँ दुर्गा, भगवान शिव, गणेश जी और शेषावतार मंदिर पर भी क्रमानुसार ध्वजारोहण किया जाएगा। आपको बता दें कि माता अन्नपूर्णा के मंदिर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (31 दिसंबर 2025) और सूर्य मंदिर पर नवरात्र की अष्टमी को पहले ही ध्वजारोहण हो चुका है।
Also Read: World Richest Cricketer: दुनिया के 10 सबसे अमीर क्रिकेटर, लिस्ट में 5 भारतीय खिलाड़ी शामिल

