ऐतिहासिक जीत पर PM मोदी का पहला बयान, बोले- बंगाल में खिला कमल, यह सुशासन की विजय

Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी के विधानसभा चुनाव परिणामों में भारतीय जनता पार्टी और एनडीए गठबंधन की प्रचंड जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। पीएम मोदी ने इस जीत को ‘सुशासन’ और ‘जनता की शक्ति’ की जीत करार देते हुए प्रत्येक नागरिक और कार्यकर्ता का आभार व्यक्त किया है।

पश्चिम बंगाल: “हमेशा याद रखा जाएगा 2026 का चुनाव”

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर भावुक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “पश्चिम बंगाल में कमल खिल उठा! 2026 के ये चुनाव हमेशा याद रखे जाएंगे। यह जनता की शक्ति और भाजपा की सुशासन वाली राजनीति की जीत है।” उन्होंने आगे कहा कि वे पश्चिम बंगाल के प्रत्येक नागरिक को नमन करते हैं और भरोसा दिलाते हैं कि भाजपा लोगों के सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास करेगी।

बंगाल में भाजपा की रिकॉर्ड तोड़ सफलता पर पीएम मोदी ने कार्यकर्ताओं की पीठ थपथपाते हुए कहा, “यह जीत पीढ़ियों से अनगिनत कार्यकर्ताओं के संघर्ष के बिना संभव नहीं थी। जिन्होंने जमीनी स्तर पर हर कठिनाई का सामना किया और हमारे विकास के एजेंडे को जन-जन तक पहुंचाया, वे हमारी असली ताकत हैं।”

असम में मिली शानदार जीत पर पीएम मोदी ने राज्य की जनता को धन्यवाद देते हुए लिखा, “असम ने एक बार फिर भाजपा-एनडीए को अपना आशीर्वाद दिया है। यह जीत हमारे गठबंधन के विकास और जनजीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के संकल्प के प्रति अटूट समर्थन को दर्शाती है।” उन्होंने असम के भाइयों और बहनों को आश्वासन दिया कि राज्य के विकास की गति रुकने नहीं दी जाएगी।

पुडुचेरी: “NDA कार्यकर्ताओं पर गर्व है”

पुडुचेरी में एनडीए गठबंधन की सफलता पर पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें अपने कार्यकर्ताओं पर बहुत गर्व है, जिन्होंने जमीनी स्तर पर असाधारण प्रयास किए। उन्होंने कहा कि जनता ने हमारे दृष्टिकोण और उपलब्धियों पर एक बार फिर मुहर लगाई है।

प्रधानमंत्री के इन बयानों से साफ है कि भाजपा इन जीत को ‘विकसित भारत’ के संकल्प की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि मान रही है। बंगाल में ममता के किले को ढहाने और असम में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी ने भाजपा के राष्ट्रीय हौसले को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है।

Also Read: केशव मौर्य ने ब्रजेश पाठक के साथ तस्वीर साझा कर दिया सियासी संदेश, बंगाल विजय को बताया 2027 का ‘ट्रेलर’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.