भवानीपुर में बरसे अमित शाह, जनता से बोले- ममता बनर्जी को अब टाटा-बाय बाय कर दो

Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए कोलकाता पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के विधानसभा क्षेत्र भवानीपुर में एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया। शाह ने सीधे तौर पर ममता सरकार की विदाई का दावा करते हुए कहा कि बंगाल की जनता अब बदलाव के लिए पूरी तरह तैयार है।

अमित शाह ने भवानीपुर की जनता को संबोधित करते हुए एक शॉर्टकट मंत्र दिया। उन्होंने कहा, अगर भवानीपुर वाले इस एक सीट पर भाजपा को जिता दें, तो पूरे बंगाल में परिवर्तन अपने आप हो जाएगा। मैं अगले 15 दिनों तक बंगाल में ही रहने वाला हूँ और हर तरफ एक ही आवाज गूंज रही है, ममता बनर्जी को अब टाटा-बाय बाय कर दो।

भ्रष्टाचार और घुसपैठ पर बोला तीखा हमला

शाह ने टीएमसी (TMC) सरकार को भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी का पर्याय बताते हुए कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बंगाल आज टोलबाजी, सिंडिकेट राज, बेरोजगारी और करप्शन से त्रस्त है। घुसपैठ के मुद्दे पर शाह ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा, भाजपा की सरकार बनते ही सीमाओं को पूरी तरह सील किया जाएगा। देश में अवैध रूप से रह रहे घुसपैठियों को चुन-चुनकर बाहर निकाला जाएगा। शाह ने दावा किया कि घुसपैठ की वजह से आज बंगाल का अस्तित्व ही खतरे में पड़ गया है।

डरो मत, गुंडों की अब खैर नहीं

बंगाल में चुनाव के दौरान होने वाली हिंसा का जिक्र करते हुए शाह ने मतदाताओं को भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि इस बार किसी गुंडे की इतनी औकात नहीं होगी कि वह आपको वोट डालने से रोक सके। उन्होंने जनता से भयमुक्त होकर मतदान करने की अपील की और कहा कि टीएमसी को सिर्फ हराना नहीं है, बल्कि बंगाल की खाड़ी में फेंक देना है।

Also Read: अयोध्या में हनुमान जयंती पर मंदिर के शिखर पर फहराई गई 75 फीट ऊंची धर्म ध्वजा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.