Bareilly News: 2 किलो अफीम के साथ दबोचा गया सलीम, साथी की तलाश में जुटी पुलिस
Sandesh Wahak Digital Desk: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘ड्रग फ्री उत्तर प्रदेश’ अभियान को गति देते हुए बरेली पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। थाना सुभाषनगर पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक शातिर तस्कर को 2 किलोग्राम अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लाखों में आंकी जा रही है।
चेकिंग के दौरान अंधी पुलिया पर फंसा तस्कर
अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना प्रभारी सतीश कुमार नैन के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति भारी मात्रा में अफीम लेकर निकलने वाला है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अंधी पुलिया के पास घेराबंदी की और अभियुक्त सलीम अंसारी (35 वर्ष) को धर दबोचा।
पूछताछ में खुला राज: पंजाब ले जा रहे थे खेप
पकड़े गए अभियुक्त सलीम अंसारी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसने और उसके साथी मुशयद ने यह अफीम एक अज्ञात मोटरसाइकिल सवार से खरीदी थी। दोनों इस खेप को बेचने के लिए पंजाब जा रहे थे, जहां उन्हें मोटा मुनाफा मिलने वाला था। हालांकि, पुलिस की सक्रियता के कारण सलीम पकड़ा गया, जबकि उसका साथी मुशयद मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा।
विधिक कार्रवाई और बरामदगी
पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से निम्नलिखित सामान बरामद किया है।
02 किलो अवैध अफीम
01 मोबाइल फोन
620 रुपये नगद
पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ थाना सुभाषनगर पर मु0अ0सं0 282/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 8/18 में मुकदमा दर्ज किया है। अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है, वहीं फरार साथी मुशयद की तलाश के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
Also Read: Bareilly News: पुलिस की घेराबंदी देख बदमाशों ने झोंका फायर, 17 मुकदमों का आरोपी बदमाश घायल

