UP Congress: ‘समता दिवस’ के रूप में बाबू जगजीवन राम की जयंती मनाएगी कांग्रेस, लखनऊ में जुटे दिग्गज

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पूर्व उप-प्रधानमंत्री और दिग्गज कांग्रेसी नेता बाबू जगजीवन राम की जयंती (5 अप्रैल) को भव्य रूप में मनाने का निर्णय लिया है। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने घोषणा की है कि कांग्रेस इस दिन को ‘समता दिवस’ के रूप में मनाएगी। इस अवसर पर राजधानी लखनऊ में विशेष संगोष्ठी और सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा।

मीरा कुमार होंगी मुख्य आकर्षण

जयंती की पूर्व संध्या पर 4 अप्रैल को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में पूर्व लोकसभा अध्यक्ष और बाबू जगजीवन राम की सुपुत्री मीरा कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। कार्यक्रम का उद्देश्य बाबू जगजीवन राम के सामाजिक न्याय और समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।

महंगाई और स्मार्ट मीटर पर घेराव की चेतावनी

मीडिया को संबोधित करते हुए अजय राय ने भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा “पूरे देश में महंगाई चरम पर है, लेकिन सरकार तथ्यों को छुपाकर जनता को गुमराह कर रही है। आने वाले समय में स्थिति और भी भयावह होने वाली है।” बिजली के स्मार्ट मीटरों को लेकर उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए कहा, “अगर स्मार्ट मीटर लगाने पर तत्काल रोक नहीं लगी, तो कांग्रेस पूरे प्रदेश में सरकार का घेराव करेगी।”

IAS रिंकू सिंह राही के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया

हाल ही में आईएएस अधिकारी रिंकू सिंह राही द्वारा दिए गए इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए अजय राय ने कहा कि प्रदेश में हालात ऐसे बन गए हैं कि जो अधिकारी गलत काम या भ्रष्टाचार का हिस्सा नहीं बनना चाहते, उनके पास इस्तीफा देने के अलावा कोई विकल्प नहीं बच रहा है।

Also Read: UP STF की हरियाणा में बड़ी कार्रवाई, आजमगढ़ का 50 हजारी गैंगस्टर राहुल यादव फरीदाबाद से गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.