यूपी पंचायत चुनाव से पहले अखिलेश का मास्टरस्ट्रोक, बसपा के वोट बैंक में सेंधमारी की तैयारी

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में आगामी पंचायत चुनाव 2026 और विधानसभा चुनाव 2027 की बिसात बिछनी शुरू हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस बार मायावती के सबसे मजबूत किले यानी ‘दलित वोट बैंक’ को ढहाने के लिए नया चक्रव्यूह रचा है। सपा ने इस बार अंबेडकर जयंती (14 अप्रैल) को केवल जिलों तक सीमित न रखकर ‘गांव-गांव’ भव्यता से मनाने का फैसला किया है।

बसपा के ‘गढ़’ पर सपा का निशाना

अभी तक उत्तर प्रदेश में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की जयंती पर बसपा (BSP) सबसे बड़े और भव्य आयोजन करती रही है। लेकिन इस बार सपा ने अपनी रणनीति बदल दी है। अखिलेश यादव ने निर्देश दिए हैं कि पार्टी कार्यकर्ता हर गांव में जाकर दलित समाज और पिछड़ों के साथ अंबेडकर जयंती मनाएंगे। सपा का लक्ष्य गांव स्तर पर यह संदेश पहुंचाना है कि वर्तमान सरकार में ‘संविधान खतरे में’ है। अखिलेश का मानना है कि इस भावनात्मक मुद्दे से बसपा के कैडर वोट बैंक को सपा की ओर मोड़ा जा सकता है।

बीजेपी और ‘मन विधान’ पर अखिलेश का प्रहार

शुक्रवार को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय पर मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखे हमले किए। अखिलेश ने कहा, “बीजेपी एक सौदागर की तरह काम कर रही है, जिसका लक्ष्य सिर्फ मुनाफा कमाना है। इसी मुनाफेखोरी की वजह से महंगाई चरम पर है।” उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं को बड़े सपने दिखाकर निवेश के झूठे आंकड़े पेश कर रही है, जबकि हकीकत में रोजगार गायब है।

अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा, “ये लोग संविधान से नहीं, बल्कि अपने ‘मन विधान’ से चलना चाहते हैं। ये संस्थाओं के माध्यम से हमारी बुनियाद (संविधान) को खत्म करना चाहते हैं।”

2024 की जीत का उत्साह, 2027 का लक्ष्य

अखिलेश यादव ने आत्मविश्वास के साथ कहा कि जिस तरह 2024 के लोकसभा चुनावों में सपा ने भाजपा का मुकाबला कर उसे रोका, उसी तरह 2027 में भाजपा को हराकर यूपी में समाजवादी पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगे। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के साथ अब ‘अंबेडकर जयंती’ का यह दांव सपा को ग्रामीण क्षेत्रों में नई मजबूती दे सकता है।

Also Read: 50,000 का इनामी डकैत शिवम सिंह ‘आर्यन’ गिरफ्तार, बस्ती और अयोध्या में फैला था खौफ

Get real time updates directly on you device, subscribe now.