Kullu Accident: जलोड़ी जोत से लौट रहे दिल्ली के पर्यटकों की ट्रैवलर खाई में गिरी, 4 की मौत और 17 घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: देवभूमि हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से एक अत्यंत दुखद खबर सामने आई है। शनिवार देर रात औट-लुहरी-सैंज राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-305) पर पर्यटकों से भरी एक टैंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण हादसे में 4 पर्यटकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। दो पर्यटकों के अभी भी लापता होने की खबर है, जिनकी तलाश में प्रशासन ने रात भर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
दिल्ली के रहने वाले थे सभी 23 पर्यटक
पुलिस प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, टैंपो ट्रैवलर (DL 1VC-4958) में करीब 23 पर्यटक सवार थे, जो दिल्ली के रहने वाले बताए जा रहे हैं। ये सभी पर्यटक जलोड़ी जोत की वादियों का लुत्फ उठाकर वापस लौट रहे थे। सोझा के पास जलोड़ा नामक स्थान पर यह दर्दनाक हादसा पेश आया।
हादसे की प्रारंभिक वजह खराब मौसम और सड़क पर जबरदस्त फिसलन बताई जा रही है। रात के अंधेरे और फिसलन के कारण चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे ट्रैवलर सीधे गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और चीख-पुकार मच गई।
रात भर चला रेस्क्यू ऑपरेशन, स्थानीय लोगों ने बढ़ाया हाथ
हादसे की सूचना मिलते ही उपायुक्त कुल्लू अनुराग चंद्र शर्मा, एसपी मदन लाल कौशल और बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी प्रशासनिक अमले के साथ मौके पर पहुंचे। बंजार पुलिस, दमकल विभाग और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर देर रात तक खाई से घायलों को निकालने का काम किया। सभी 17 घायलों को बंजार अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों को उच्च केंद्रों के लिए रेफर किया जा रहा है। दो पर्यटक अभी भी लापता हैं, जिनकी खोजबीन जारी है।
घायलों की सूची
हादसे में घायल हुए पर्यटकों में अनुपमा, क्रियान, करण, फिजा, आयुषी, लियाकत, अनुराग, अर्नव, मोहित, शशि, अमित, निकिता, दीनू, अलसी और दीपाली शामिल हैं। एक घायल की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
प्रशासनिक जांच के आदेश
एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया कि हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। एसडीएम बंजार पंकज शर्मा स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता प्रदान की जा रही है।
Also Read: UP में ISIS का बड़ा नेटवर्क ध्वस्त: कुशीनगर से आतंकी रिजवान गिरफ्तार, बम बनाने का सामान बरामद

