Basti News: स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के कार्यक्रम पर विवाद, आयोजक समेत 3 पर FIR

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में आयोजित स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के ‘सनातन धर्म संवाद’ कार्यक्रम को लेकर बड़ा कानूनी विवाद खड़ा हो गया है। कार्यक्रम संपन्न होने के पांच दिन बाद पुलिस ने मुख्य आयोजक और राष्ट्रीय ब्राह्मण महासभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रशांत पांडेय सहित तीन लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। इस कार्रवाई में ‘कोविड-19’ की गाइडलाइन के उल्लंघन का जिक्र होने पर अब प्रशासन की जमकर किरकिरी हो रही है।

क्या है पूरा मामला?

बीते 29 मार्च को बस्ती के राजकीय इंटर कॉलेज (GIC) मैदान में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के सानिध्य में एक विशाल ‘सनातन धर्म संवाद’ का आयोजन किया गया था। कोतवाली पुलिस का कहना है कि कार्यक्रम में वक्ताओं द्वारा दिए गए भाषणों से सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका थी। साथ ही, ध्वनि विस्तारक यंत्रों (लाउडस्पीकर) का प्रयोग निर्धारित मानकों से अधिक किया गया।

एफआईआर में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आयोजकों को कोरोना महामारी की गाइडलाइन का पालन न करने का भी दोषी माना गया है, जबकि वर्तमान में चुनावी रैलियों का दौर जारी है।

“नेताओं की रैली में कोरोना नहीं आता?”

एफआईआर दर्ज होने के बाद मुख्य आरोपी प्रशांत पांडेय ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “देश के कई राज्यों में चुनाव हो रहे हैं, पीएम से लेकर सीएम तक बड़ी-बड़ी रैलियां कर रहे हैं, क्या वहां कोविड गाइडलाइन लागू नहीं होती? यह कार्रवाई पूरी तरह से राजनीतिक द्वेष से प्रेरित है।”

दबाव में हुई कार्रवाई?

सूत्रों की मानें तो यह मामला तब गरमाया जब उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ला ने प्रेस वार्ता कर कार्यक्रम के आयोजकों पर सवाल उठाए। उनके कड़े रुख के बाद प्रशासनिक हलचल तेज हुई और अंततः कोतवाली थाना प्रभारी की तहरीर पर कानूनी शिकंजा कस दिया गया।

प्रशासन का पक्ष: सौहार्द सर्वोपरि

डिप्टी एसपी सदर सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि धर्म के नाम पर सामाजिक ताने-बाने को नुकसान पहुंचाने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी। पुलिस फिलहाल कार्यक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग खंगाल रही है और विवेचना जारी है।

Also Read: मणिपुर में 2 मासूमों की मौत के बाद भड़की हिंसा, 5 जिलों में इंटरनेट ठप, बिष्णुपुर में कर्फ्यू

Get real time updates directly on you device, subscribe now.