पीएम मोदी ने दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर के उद्घाटन से पहले किया रोड शो, जानें कितना आसान होगा सफर

Saharanpur News: पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में आज सुबह उत्सव जैसा माहौल रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर के उद्घाटन से पहले सहारनपुर में एक भव्य रोड शो किया। हाथ में तिरंगा लिए हजारों की भीड़ ने जय श्री राम और मोदी-मोदी के नारों के साथ पीएम का स्वागत किया। इस दौरान पीएम मोदी ने एशिया के सबसे लंबे वाइल्डलाइफ एलिवेटेड कॉरिडोर की समीक्षा भी की।

कैसा है यह नया कॉरिडोर

12,000 करोड़ रुपये की लागत से बना यह 213 किलोमीटर लंबा और छह लेन वाला एक्सप्रेसवे अब दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच की दूरी को बेहद कम कर देगा। पहले दिल्ली से देहरादून जाने में 6 घंटे से अधिक समय लगता था, जो अब घटकर मात्र ढाई (2.5) घंटे रह जाएगा। इस कॉरिडोर में 10 इंटरचेंज, 3 रेलवे ओवरब्रिज और यात्रियों के लिए 12 वर्ल्ड क्लास जन सुविधाएं बनाई गई हैं। साथ ही यह एडवांस ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ATMS) से लैस है।

वन्यजीवों की सुरक्षा का अनूठा मॉडल

इस प्रोजेक्ट की सबसे खास बात इसकी इकोलॉजिकल डिजाइन है। राजाजी नेशनल पार्क के पास से गुजरने के कारण इसे वन्यजीवों के अनुकूल बनाया गया है। 12 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर बनाया गया है ताकि जंगली जानवर नीचे जंगल में निर्बाध घूम सकें। हाथियों की आवाजाही के लिए 200 मीटर के दो विशेष अंडरपास बनाए गए हैं। प्रसिद्ध मां डाट काली मंदिर के पास 370 मीटर लंबी सुरंग का निर्माण किया गया है, जहां पीएम मोदी ने पूजा-अर्चना भी की।

Also Read: यूपी में कल से बिना HSRP वाले वाहनों की नहीं होगी प्रदूषण जांच, 2 करोड़ गाड़ियां रडार पर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.