दिल्ली एयरपोर्ट से दबोचा गया ‘लुकआउट नोटिस’ का वांछित मैजुल, बिजनौर पुलिस ने की कार्रवाई

Sandesh Wahak Digital Desk: बिजनौर जनपद की नांगल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को एक बड़ी कामयाबी मिली है। इंस्टाग्राम पर हथियारों का प्रदर्शन करने और राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में संलिप्त रहने के मामले में लुकआउट नोटिस पर वांछित मुख्य अभियुक्त मैजुल को दिल्ली एयरपोर्ट अथॉरिटी ने पकड़कर बिजनौर पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। दक्षिण अफ्रीका से भारत लौटते ही आरोपी को हिरासत में ले लिया गया।

सोशल मीडिया से शुरू हुआ था खेल

प्रकरण की शुरुआत 23 नवंबर 2025 को हुई थी, जब इंस्टाग्राम पर एक वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो में आकिब नामक युवक अपनी आईडी से लाइव होकर अवैध शस्त्रों का प्रदर्शन कर रहा था। आरोपी मैजुल ने इसी वीडियो को अपनी प्रोफाइल पर पोस्ट किया था।

थाना नांगल पर मु0अ0सं0 156/25 के तहत आर्म्स एक्ट, आईटी एक्ट और बीएनएस (BNS) की गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इसमें राष्ट्र विरोधी गतिविधियों से जुड़ी धारा 152 बीएनएस और 69(ए) आईटी एक्ट भी जोड़ी गई थी।

विदेशी कनेक्शन और लुकआउट नोटिस

पुलिस जांच में चार मुख्य नाम सामने आए थे, जिनमें से मैजुल दक्षिण अफ्रीका और अन्य आरोपी सऊदी अरब में छिपे हुए थे।

मैजुल (गिरफ्तार): निवासी ग्राम सौफतपुर, बिजनौर।

आकिब व आजाद: फिलहाल सऊदी अरब में (लुकआउट नोटिस जारी)।

उवैद मलिक व जलाल हैदर: पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं।

आरोपियों के विदेश में होने के कारण पुलिस ने इनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी करवाया था, जिसके चलते आज मैजुल जैसे ही दिल्ली एयरपोर्ट पहुँचा, उसे दबोच लिया गया।

टेलीग्राम के जरिए राष्ट्र विरोधी नेटवर्क

जांच में यह भी सामने आया है कि ये सभी आरोपी टेलीग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से एक-दूसरे से जुड़े हुए थे। हाल ही में 15 अप्रैल को गिरफ्तार किए गए अभियुक्त समीर उर्फ रूहान के मोबाइल से भी राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के पुख्ता साक्ष्य मिले थे, जो इसी गिरोह का हिस्सा था।

पुलिस की कार्रवाई

थाना नांगल पुलिस मैजुल को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस नेटवर्क के तार और कहां-कहां जुड़े हैं और विदेशी धरती से ये किस तरह की गतिविधियों को अंजाम दे रहे थे।

Also Read: Barabanki News: दरियाबाद में बोले सतीश शर्मा, बोले- ‘नारी शक्ति’ के अपमान का खामियाजा भुगतेगा विपक्ष

Get real time updates directly on you device, subscribe now.