Barabanki News: दरियाबाद में बोले सतीश शर्मा, बोले- ‘नारी शक्ति’ के अपमान का खामियाजा भुगतेगा विपक्ष
बाराबंकी: जनपद के दरियाबाद ब्लॉक परिसर में आयोजित ‘नारी शक्ति सम्मेलन’ में महिलाओं का हुजूम उमड़ पड़ा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा और जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत ने विपक्षी दलों पर महिला आरक्षण बिल को रोकने का गंभीर आरोप लगाया। सम्मेलन के दौरान हजारों महिलाओं ने आरक्षण के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान चलाकर अपनी आवाज बुलंद की।
इंडिया गठबंधन ने मातृशक्ति के पीठ में छुरा घोंपा
राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन के लिए समर्पित है, लेकिन विपक्ष की सोच हमेशा से महिला विरोधी रही है। “सपा और कांग्रेस जैसी पार्टियों ने संसद में महिला आरक्षण के विरोध में मतदान कर साबित कर दिया कि उन्हें मातृशक्ति के अधिकारों से कोई सरोकार नहीं है। इंडिया गठबंधन के कारण ही यह बिल पारित नहीं हो सका।” उन्होंने स्पष्ट लहजे में कहा कि जो दल महिलाओं के सशक्तिकरण में बाधा बन रहे हैं, उन्हें आने वाले समय में महिलाओं के आक्रोश और विरोध का भारी खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
हस्ताक्षर अभियान में उमड़ी महिलाएं
सम्मेलन के दौरान ब्लॉक परिसर में महिलाओं ने महिला आरक्षण अधिनियम के समर्थन में चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस मौके पर चेयरमैन जगदीश गुप्ता, संदीप त्रिपाठी, पवन वर्मा, पूर्व प्रमुख देवानंद पांडेय सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय नेता और महिलाएं मौजूद रहीं।
Also Read: डिंपल यादव का भाजपा पर हमला, बोलीं- नारी शक्ति वंदन के नाम पर महिलाओं को ठग रही सरकार

