नीतीश के भरोसेमंद श्रवण कुमार का बढ़ा कद, विधानसभा से जारी हुआ विधायक दल के नेता का नोटिफिकेशन
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार की सियासत में सोमवार को बड़े उलटफेर के बीच जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने अपना नया विधायक दल का नेता चुन लिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने अपने करीबी श्रवण कुमार को ये महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। गौरतलब है कि नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद से यह पद खाली था, जिस पर अब आधिकारिक मुहर लग गई है।
नीतीश के ‘संकटमोचक’ हैं श्रवण कुमार
श्रवण कुमार जेडीयू के उन गिने-चुने नेताओं में शामिल हैं, जो समता पार्टी के दौर से नीतीश कुमार के साथ चट्टान की तरह खड़े रहे हैं। श्रवण कुमार 1995 से लगातार नालंदा विधानसभा सीट से चुनाव जीतते आ रहे हैं। नीतीश सरकार में वह लंबे समय तक ग्रामीण विकास मंत्री रहे हैं। माना जा रहा है कि एनडीए की नई कैबिनेट में भी उन्हें इसी महत्वपूर्ण विभाग की जिम्मेदारी दी जा सकती है।
विधानसभा से जारी हुआ नोटिफिकेशन
पार्टी सूत्रों के अनुसार, नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई हालिया बैठक में श्रवण कुमार के नाम पर सहमति बनी थी। मुख्यमंत्री की मंजूरी मिलने के बाद उनके नाम का प्रस्ताव विधानसभा भेजा गया, जिसके बाद अब विधिवत नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है।
सुरक्षा का घेरा भी हुआ सख्त
बता दें कि जिम्मेदारी मिलने से पहले ही सरकार ने श्रवण कुमार की सुरक्षा बढ़ा दी थी। गृह विभाग द्वारा 18 अप्रैल को जारी आदेश के अनुसार श्रवण कुमार को ‘वाई प्लस’ (Y+) कैटेगरी की सुरक्षा दी गई है। निशांत कुमार (नीतीश के पुत्र) को ‘जेड’ (Z) कैटेगरी की सुरक्षा मिली है। इसके साथ ही विजय कुमार सिन्हा (पूर्व डिप्टी सीएम) को भी ‘जेड’ कैटेगरी की सुरक्षा दी गई है।
Also Read: ‘विपक्ष में बैठने के लिए अभी से मेहनत कर रही है BJP’, पदयात्रा पर अखिलेश यादव का करारा तंज

