UP News: इन कर्मचारियों को अब मिलेगा 7वें वेतनमान का लाभ, सीएम योगी ने लगाई मुहर

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। काफी समय से सातवें वेतनमान की बाट जोह रहे यूपी बीज विकास निगम के कर्मचारियों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा ऐलान कर दिया है। सरकार ने निगम के कर्मियों को सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों का लाभ देने का फैसला लिया है।

एक समय घाटे में रहने वाला उत्तर प्रदेश राज्य बीज विकास निगम अब रिकॉर्ड मुनाफे में है। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के विशेष प्रयासों से निगम की वित्तीय स्थिति में जबरदस्त सुधार हुआ है। वर्ष 2017-18 के बाद से निगम लगातार लाभ कमा रहा है। वित्तीय वर्ष 2024-25 तक निगम का कुल संचित लाभ 143.07 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में निगम द्वारा 40 करोड़ रुपये से अधिक का शुद्ध लाभ अर्जित करने की संभावना है।

निगम कर्मियों में खुशी की लहर, बेहतर होगा जीवन स्तर

निगम होने के कारण इन कर्मचारियों को अब तक सरकारी विभागों की तरह सातवें वेतनमान का लाभ नहीं मिल पा रहा था। लेकिन निगम की सुदृढ़ वित्तीय स्थिति और कर्मचारियों के समर्पण को देखते हुए मुख्यमंत्री ने फाइल को हरी झंडी दे दी है। इस फैसले से कर्मचारियों की सैलरी में भारी बढ़ोतरी होगी, जिससे उनके जीवन स्तर में गुणात्मक सुधार आएगा।

विकास की नई इबारत लिख रहा है बीज निगम

विशेषज्ञों का मानना है कि 2019-20 के बाद से निगम की कार्यप्रणाली में आए बदलावों ने इसे आत्मनिर्भर बनाया है। अब इसी सफलता का सीधा लाभ उन कर्मचारियों को मिल रहा है जिन्होंने निगम को इस मुकाम तक पहुंचाने में दिन-रात एक कर दिया।

Also Read: पीएम मोदी पर टिप्पणी को लेकर विश्व हिन्दू रक्षा परिषद का प्रदर्शन, खरगे से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग

Get real time updates directly on you device, subscribe now.