हिमंता बिस्वा सरमा ने राज्यपाल को सौंपा इस्तीफा, असम में नई सरकार के गठन की तैयारी शुरू

Sandesh Wahak Digital Desk: असम विधानसभा चुनाव 2026 के ऐतिहासिक नतीजों के बाद राज्य में नई सरकार के गठन की सुगबुगाहट तेज हो गई है। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने बुधवार को राजभवन पहुंचकर राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को अपना और अपनी मंत्रिपरिषद का इस्तीफा सौंप दिया। राज्यपाल ने इस्तीफा स्वीकार करते हुए हिमंता से नई सरकार के शपथ ग्रहण तक कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में पद पर बने रहने का आग्रह किया है।

असम की 126 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा ने अकेले दम पर 82 सीटें जीतकर शानदार बहुमत हासिल किया है। इस प्रचंड जीत के साथ ही भाजपा राज्य में लगातार तीसरी बार सत्ता के सिंहासन पर बैठने जा रही है। वहीं, मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस मात्र 19 सीटों पर सिमट कर रह गई। क्षेत्रीय दलों की बात करें तो असम गण परिषद (AGP) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (BPF) ने 10-10 सीटों पर कब्जा जमाया। अन्य छोटे दलों में AIUDF और रायजोर दल को 2-2 सीटें मिलीं, जबकि तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने पहली बार राज्य में 1 सीट जीतकर अपना खाता खोला।

विकास और भरोसे की जीत

राज्यभर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और अबीर-गुलाल के साथ इस जीत का जश्न मनाया। पार्टी नेतृत्व ने इस जनादेश को मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के सुशासन और विकासपरक नीतियों पर जनता की अटूट मुहर बताया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस जीत ने पूर्वोत्तर में भाजपा की पकड़ को और भी अभेद्य बना दिया है।

शपथ ग्रहण पर टिकी निगाहें

अगले चरण में जल्द ही भाजपा विधायक दल की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें औपचारिक रूप से नेता का चुनाव होगा। इसके तुरंत बाद नई कैबिनेट के शपथ ग्रहण की तिथि और समय का एलान किया जाएगा। तब तक हिमंता बिस्वा सरमा कार्यवाहक मुख्यमंत्री के तौर पर प्रशासनिक कामकाज संभालते रहेंगे।

Also Read: यूपी चुनाव से पहले अखिलेश यादव का बड़ा फैसला, आई-पैक से तोड़ा करार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.