फिर से महंगे हुए सिलेंडर, घरेलू LPG Cylinder की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी

LPG Cylinder Price Hike: देशभर के करोड़ों उपभोक्ताओं को महंगाई का एक और झटका लगा है। घरेलू रसोई गैस (LPG) सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई कीमतें 7 जून से लागू हो गई हैं। राजधानी दिल्ली में 14.2 किलो वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत अब 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो गई है।

यह पिछले तीन महीनों में दूसरी बार है जब घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले मार्च में भी सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी।

उद्योग से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, पश्चिम एशिया में तनाव और ऊर्जा आपूर्ति पर पड़े असर के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में ईंधन की लागत बढ़ी है। इसका असर भारत में भी देखने को मिल रहा है। तेल कंपनियों का कहना है कि कीमत बढ़ने के बावजूद घरेलू LPG Cylinder की बिक्री पर उन्हें अब भी नुकसान उठाना पड़ रहा है।

पेट्रोल, डीजल और CNG भी हुए महंगे

LPG के साथ-साथ अन्य ईंधनों की कीमतों में भी हाल के दिनों में बढ़ोतरी हुई है। मई के मध्य से अब तक पेट्रोल और डीजल के दामों में कुल 7.50 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी हो चुकी है। वहीं CNG की कीमत भी करीब 6 रुपये प्रति किलो बढ़ी है।

ईंधन की बढ़ती कीमतों का असर अब महंगाई के आंकड़ों पर भी दिखाई देने लगा है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए खुदरा महंगाई दर का अनुमान बढ़ाकर 5.1 प्रतिशत कर दिया है, जो पहले 4.6 प्रतिशत था।

आरबीआई का मानना है कि ईंधन की बढ़ती लागत का सीधा असर उपभोक्ता वस्तुओं की कीमतों पर पड़ेगा। आने वाले महीनों में इसका प्रभाव CPI आधारित महंगाई दर में भी देखने को मिल सकता है।

आम लोगों पर बढ़ेगा बोझ

रसोई गैस, पेट्रोल, डीजल और CNG की लगातार बढ़ती कीमतों से आम लोगों के घरेलू बजट पर अतिरिक्त दबाव पड़ने की आशंका है। खासकर मध्यम वर्ग और निम्न आय वर्ग के परिवारों के लिए बढ़ती ईंधन लागत चिंता का विषय बनती जा रही है।

Also Read: सिरफिरे ने दफ्तर में पूर्व प्रेमिका पर 35 सेकेंड में किए चाकू से 30 वार, सहकर्मियों के सामने उतारा मौत के घाट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.