Lucknow में फायर सेफ्टी पर बड़ा एक्शन, 29 होटल-रेस्टोरेंट और मॉल को नोटिस
Lucknow News: दिल्ली में हाल ही में हुए अग्निकांड के बाद लखनऊ में फायर सेफ्टी को लेकर बड़ा अभियान चलाया गया। शनिवार को दमकल विभाग और एलडीए की संयुक्त टीम ने शहर के होटल, रेस्टोरेंट, क्लब, अपार्टमेंट और मॉल समेत 29 प्रतिष्ठानों का विशेष निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई जगहों पर आग से बचाव के जरूरी मानक पूरे नहीं मिले, जिसके बाद संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) अंकुश मित्तल ने बताया कि अभियान के तहत फायर ऑडिट और सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत जांच की गई। निरीक्षण के दौरान कई प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी उपकरण या तो सही तरीके से काम नहीं कर रहे थे या निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए।
इंदिरा नगर फायर स्टेशन अधिकारी केके सिंह ने एलडीए टीम के साथ गोमती नगर स्थित होटल अर्बन इन, होटल डायमंड पैलेस, होटल अवध इंटरनेशनल और होटल सॉलीटर का निरीक्षण किया। जांच में कई जगह सुरक्षा उपकरणों की कार्यक्षमता और प्रवेश मार्गों को लेकर खामियां सामने आईं।
वहीं Lucknow के हजरतगंज फायर स्टेशन अधिकारी राम कुमार रावत ने चारबाग के होटल अशोका, महानगर स्थित होटल सौभाग्य, होटल गोल्डन पैलेस, बीआर हुंडई शोरूम, निशातगंज के उमराव मॉल, होटल अमित और होटल अतुल समेत कई प्रतिष्ठानों की जांच की। यहां भी टीम को फायर सेफ्टी से जुड़ी कई कमियां मिलीं।
अभियान के दौरान Lucknow के विभिन्न प्रतिष्ठानों में मौजूद 502 कर्मचारियों और स्टाफ को आग लगने की स्थिति में बचाव और सुरक्षा उपायों का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही कई जगह मॉक ड्रिल भी कराई गई, ताकि आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित निकाला जा सके।
15 दिन में खामियां नहीं सुधारीं तो कार्रवाई
सीएफओ अंकुश मित्तल ने बताया कि जिन प्रतिष्ठानों में कमियां मिली हैं, उन्हें नोटिस जारी किया जा रहा है। यदि 15 दिनों के भीतर सभी खामियों को दूर नहीं किया गया तो संबंधित प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जा सकती है।
दमकल विभाग का कहना है कि शहर में फायर सेफ्टी मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए आगे भी ऐसे निरीक्षण अभियान जारी रहेंगे।
Also Read: लखनऊ जोन पुलिस की ऐतिहासिक कामयाबी, पोक्सो और दुष्कर्म के 12 मामलों में दोषियों को दिलाई सख्त सजा

