घरेलू LPG सिलेंडर के दाम में बढ़ोतरी पर विपक्ष ने सरकार को घेरा

Lucknow News: आम जनता की जेब पर एक बार फिर महंगाई का बड़ा बोझ पड़ा है। सरकारी तेल कंपनियों ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर (14.2 किलोग्राम) की कीमतों में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। इस ताज़ा इजाफे के बाद देश की राजधानी दिल्ली में घरेलू गैस सिलेंडर के दाम 913 रुपये से बढ़कर अब 942 रुपये पर पहुंच गए हैं। एलपीजी की ये नई दरें आज यानी 7 जून से प्रभावी हो गई हैं। इससे पहले 1 जून को कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर (19 किलोग्राम) के दाम में भी 42 रुपये की वृद्धि की गई थी।

रोटी महंगी होने से थाली गई रूठ: अखिलेश यादव

गैस सिलेंडरों के दाम बढ़ते ही विपक्षी दल सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर पूरी तरह हमलावर हो गए हैं। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर शायराना अंदाज में सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने लिखा, रोटी के महंगे होने से थाली गई रूठ, भाजपा से अब तो, हर आस गई टूट।

दूसरी तरफ, कांग्रेस पार्टी ने भी केंद्र सरकार के इस फैसले के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल से पोस्ट साझा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा निशाना साधा। कांग्रेस ने उन्हें महंगाई मैन मोदी करार देते हुए आरोप लगाया कि सरकार का गणित बिल्कुल साफ है- आम जनता की जेब से जबरन वसूली करो और अपने अमीर दोस्तों की तिजोरियां भरने का काम करो।

पांच महीनों में लगातार बढ़े दाम, सीएनजी भी हुई महंगी

अगर आंकड़ों पर नजर डालें तो बीते पांच महीनों में कमर्शियल और घरेलू गैस की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में इस साल फरवरी के दौरान 49 रुपये और मार्च में रिकॉर्ड 115 रुपये का इजाफा किया गया था। महंगाई का यह करंट सिर्फ रसोई गैस तक ही सीमित नहीं है। हाल ही में दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में कम्प्रेस्ड नेचुरल गैस (सीएनजी) की कीमतों में भी 2 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की गई है। बीते 15 मई से अब तक चार अलग-अलग चरणों में सीएनजी की कीमतों में कुल 6 रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि हो चुकी है।

Also Read: Lucknow में अब नहीं होगी मनमानी प्लॉटिंग, LDA ने जमीन कारोबारियों पर कसा शिकंजा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.