उत्तर भारत में लू का कहर जारी, दिल्ली-राजस्थान समेत कई राज्यों में 12 जून तक भीषण गर्मी की चेतावनी

Sandesh Wahak Digital Desk: देश के दक्षिणी और पूर्वोत्तर राज्यों में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दस्तक दे दी है, लेकिन उत्तर भारत अभी गर्मी की मार झेल रहा है। मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के बड़े हिस्से अगले कई दिनों तक भीषण लू और असहनीय उमस की चपेट में रहेंगे। हालाँकि, राहत की बात यह है कि 11-12 जून के आसपास इनमें से कुछ राज्यों में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जिससे तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है।

राजस्थान में सबसे कठिन मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, 7 जून को पश्चिमी राजस्थान में तेज धूलभरी आंधी चल सकती है, जिसकी रफ्तार 50-60 किमी प्रति घंटा और झोंके 70 किमी प्रति घंटे तक पहुँच सकते हैं। इसके बाद 8 से 12 जून तक यहाँ भीषण लू का प्रकोप बना रहेगा। वहीं, पूर्वी राजस्थान में 6 से 12 जून के बीच छिटपुट बारिश और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने का अनुमान है।

पूर्वी उत्तर प्रदेश में 10-12 जून व पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 11-12 जून को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है, लेकिन इससे पहले 9-10 जून तक पूर्वी यूपी और 9-11 जून तक पश्चिमी यूपी में लू चलने की आशंका है। दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के लिए 8-11 जून को हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है, जहां 40-60 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं भी चल सकती हैं। पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल और उत्तराखंड में 6 से 12 जून के बीच रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहेगा।

Also Read: नकल रोकने पर खाकी का तांडव, दरोगा पिता और मामा ने कॉलेज में घुसकर शिक्षकों को बेरहमी से पीटा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.