मुरादाबाद का इनामी गोतस्कर दिल्ली से गिरफ्तार, UP STF ने अशफाक उर्फ भूरा को दबोचा
Lucknow News: उत्तर प्रदेश एसटीएफ को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुरादाबाद के मैनाठेर और पाकबड़ा थाने से वांछित तथा 50 हजार रुपये के इनामी गोतस्कर अशफाक उर्फ भूरा उर्फ नाजिम को एसटीएफ की बरेली फील्ड यूनिट ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को शनिवार की रात करीब 9:20 बजे बाहरी दिल्ली के निहाल विहार थाना क्षेत्र के चंद्र विहार मुख्य मार्ग से घेराबंदी कर पकड़ा गया।
मुखबिर की सूचना पर दिल्ली में बिछाया जाल
विगत कुछ समय से यूपी के विभिन्न जिलों में वांछित और इनामी अपराधियों की धरपकड़ के लिए एसटीएफ की टीमें सक्रिय थीं। इसी क्रम में एसटीएफ फील्ड इकाई बरेली के अपर पुलिस अधीक्षक अब्दुल कादिर के पर्यवेक्षण में सब-इंस्पेक्टर धूम सिंह की टीम को एक पुख्ता सूचना मिली। मुखबिर ने बताया कि 50,000 रुपये का इनामी अशफाक इस समय दिल्ली में छुपा हुआ है। सूचना मिलते ही एसटीएफ की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी की और आरोपी को दबोच लिया।
लग्जरी कार से करता था गोमांस की तस्करी
एसटीएफ द्वारा की गई पूछताछ में आरोपी अशफाक ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने कुबूल किया कि वह मैनाठेर इलाके में एक ब्रेजा कार के जरिए गोवंशीय मांस की तस्करी करवा रहा था, जिसे पुलिस ने रंगे हाथों पकड़ा था। इस मामले में वह काफी समय से फरार चल रहा था। इसके अलावा, इसी साल फरवरी 2026 में मुरादाबाद के ही पाकबड़ा थाना क्षेत्र में भी गोमांस से लदी एक गाड़ी पकड़ी गई थी, जिसमें अशफाक मुख्य आरोपी था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह दिल्ली में अपना ठिकाना बदलकर रह रहा था। पकड़ा गया आरोपी बेहद शातिर किस्म का अपराधी है, जिसके खिलाफ दिल्ली और उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में कई संगीन मामले दर्ज हैं।

