Siddharthnagar News: रामजानकी मंदिर में विधायक श्यामधनी राही ने खुद थामी झाड़ू, सफाई का दिया संदेश
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में ‘स्वच्छ भारत’ और ‘स्वस्थ समाज’ के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए जनप्रतिनिधि भी जमीन पर उतर रहे हैं। इसी कड़ी में कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र के धौरीकुइया स्थित प्रसिद्ध श्री रामजानकी मंदिर परिसर में रविवार को एक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान में स्थानीय विधायक श्यामधनी राही ने स्वयं झाड़ू लगाकर श्रमदान किया और आम जनता को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वच्छ भारत मिशन’ और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से आयोजित किया गया था, जिसमें मंदिर परिसर और उसके आसपास के पूरे क्षेत्र की गहन सफाई की गई।
स्वच्छता को जनआंदोलन बनाना हर नागरिक का कर्तव्य
सफाई अभियान के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए विधायक श्यामधनी राही ने कहा कि स्वच्छता को हमें केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं मानना चाहिए। यह समाज के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी और एक मजबूत राष्ट्र के निर्माण का मुख्य स्तंभ है। जब हमारा पर्यावरण और आसपास का वातावरण स्वच्छ रहेगा, तभी एक निरोगी समाज की कल्पना की जा सकती है। उन्होंने कहा कि आज पीएम मोदी के नेतृत्व में यह अभियान एक राष्ट्रव्यापी जनआंदोलन बन चुका है और यूपी में सीएम योगी के मार्गदर्शन में जनता इसमें बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर रही है।

सुंदर और विकसित भारत के निर्माण में सहयोग की अपील
विधायक ने क्षेत्रवासियों से भावुक अपील करते हुए कहा कि हर व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन में सफाई को एक आदत के रूप में शामिल करना चाहिए, ताकि हम सब मिलकर एक सुंदर और विकसित भारत का सपना पूरा कर सकें। इस सराहनीय अभियान में रोहूडीला के ग्राम प्रधान सोमई यादव, दुर्जनपुर के ग्राम प्रधान दूधनाथ यादव, पारस, सौरभ, संतोष, घीसन और राजेंद्र चौधरी सहित भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: लखनऊ में डॉक्टर्स क्रिकेट लीग सीजन-2 का भव्य आगाज, 11 जून से मैदान पर दिखेगा डॉक्टरों का जलवा

