Pilibhit: बस पर गिरी हाईटेंशन लाइन, आग में चालक-बेटे की मौत, बाल-बाल बचीं 55 सवारियां
Pilibhit News: यूपी के पीलीभीत में रविवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बारात छोड़कर लौट रही एक निजी बस पर अचानक हाईटेंशन लाइन टूटकर गिर गई, जिससे बस में करंट फैल गया और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। हादसे में बस चालक और उसके बेटे की मौत हो गई, जबकि कुछ मिनट पहले ही बस से उतरे करीब 55 बाराती बाल-बाल बच गए।
यह हादसा जहानाबाद थाना क्षेत्र के गोनरीवदी गांव के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, गोनरी गांव से एक बारात निजी बस से बरेली गई थी। शादी समारोह के बाद देर रात बारातियों को गांव छोड़ दिया गया था और बस वापस की जा रही थी। इसी दौरान चालक बस को बैक कर रहा था, तभी 11 हजार केवी की हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर सीधे बस पर गिर पड़ा।
करंट फैलते ही बस में लगी आग
तार गिरते ही पूरी बस में करंट दौड़ गया और कुछ ही पलों में उसमें आग लग गई। हादसे में बस चालक मोहल्ला मोहम्मद फारूक निवासी 56 वर्षीय सज्जन खान और उनका 16 वर्षीय बेटा सुभान गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि जिस शादी में बस गई थी, वह सज्जन खान की ससुराल पक्ष का कार्यक्रम था।
कुछ मिनट की देरी होती तो हो सकता था बड़ा हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे से कुछ ही मिनट पहले चालक ने बस में मौजूद करीब 55 बारातियों को उतारा था। अगर उस समय यात्री बस में मौजूद होते, तो जनहानि कहीं अधिक हो सकती थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। दमकल टीम ने आग पर काबू पाया, जबकि पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Also Read: लखनऊ में डॉक्टर्स क्रिकेट लीग सीजन-2 का भव्य आगाज, 11 जून से मैदान पर दिखेगा डॉक्टरों का जलवा

