UP के 33 PCS अफसरों को मिलेगा IAS बनने का मौका, 10 जून को होगा बड़ा फैसला

UP News: उत्तर प्रदेश के पीसीएस अधिकारियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य से भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में पदोन्नति के लिए 10 जून को दिल्ली में विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की बैठक होने जा रही है। इस प्रक्रिया के तहत 33 अधिकारियों को IAS कैडर में प्रमोट किया जाना है, जिससे 2010 और 2011 बैच के कई अफसरों का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार खत्म हो सकता है।

केंद्र सरकार ने चयन वर्ष 2025 के लिए उत्तर प्रदेश को प्रमोशन कोटे से IAS के 33 पद आवंटित किए हैं। पदों की संख्या अपेक्षाकृत अधिक होने के कारण इस बार केवल 2010 और 2011 बैच ही नहीं, बल्कि 2012 बैच के कुछ अधिकारियों के नामों पर भी विचार होने की संभावना है।

जानकारी के अनुसार, 2010 बैच में आठ और 2011 बैच में 21 अधिकारी हैं। दोनों बैचों को मिलाकर कुल 29 अधिकारी होते हैं। ऐसे में शेष पदों के लिए 2012 बैच के अधिकारियों को भी अवसर मिल सकता है।

नियुक्ति विभाग ने संभावित अधिकारियों की वार्षिक गोपनीय प्रविष्टियां (ACR) और सेवा रिकॉर्ड जुटाने की प्रक्रिया तेज कर दी है, ताकि DPC में उनके नामों पर अंतिम निर्णय लिया जा सके।

इन अधिकारियों के नाम चर्चा में

प्रमोशन की दौड़ में वर्ष 2010 बैच के डॉ. विश्राम, अशोक कुमार कन्नौजिया, पुष्पराज सिंह, राजकुमार द्विवेदी, राकेश कुमार पटेल, आलोक कुमार, सुशीला और संजय कुमार सिंह जैसे अधिकारियों के नाम शामिल हैं।

वहीं 2011 बैच से पूनम निगम, संतोष बहादुर सिंह, पंकज वर्मा, प्रदीप कुमार यादव, योगानंद पांडे, विजय कुमार सिंह, अतुल कुमार, डॉ. सुनील कुमार वर्मा, हर्ष देव पांडे, शैलेंद्र कुमार सिंह, डॉ. नितिन मदान, प्रियंका सिंह, रिंकी जायसवाल, विवेक श्रीवास्तव, वैभव मिश्रा, नरेंद्र बहादुर सिंह, संदीप कुमार और गरिमा स्वरूप समेत कई अधिकारियों के नामों पर विचार किया जाएगा।

DPC की बैठक के बाद चयनित अधिकारियों की सूची जारी होने की उम्मीद है, जिसके बाद उन्हें औपचारिक रूप से IAS कैडर में शामिल किया जाएगा।

Also Read: Lucknow में बिजली व्यवस्था हुई फेल, घंटों अंधेरे में डूबे इलाके, व्यापारियों का फूटा गुस्सा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.