मोदी सरकार के 12 वर्ष: जगदंबिका पाल ने गिनाईं विकास और सुशासन की अभूतपूर्व उपलब्धियां
Siddharthnagar News: केंद्र की मोदी सरकार के सफल 12 वर्ष पूरे होने पर सिद्धार्थनगर में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान डुमरियागंज के सांसद जगदंबिका पाल ने रिपोर्ट कार्ड पेश किया। उन्होंने कहा कि ‘सेवा और सुशासन’ के इस कालखंड में भारत ने बुनियादी ढांचे और गरीब कल्याण के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।
सांसद ने आंकड़ों के जरिए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से देश के 5 करोड़ से अधिक परिवारों को छत मिली है, जिसमें उत्तर प्रदेश के 62 लाख परिवार शामिल हैं। वहीं, अन्न योजना के तहत यूपी के 15 करोड़ लोग मुफ्त राशन का लाभ ले रहे हैं। स्वास्थ्य के क्षेत्र में क्रांति लाते हुए आयुष्मान भारत के तहत प्रदेश में 9.57 करोड़ से अधिक कार्ड बनाए जा चुके हैं।
आर्थिक सशक्तिकरण और इंफ्रास्ट्रक्चर
सांसद पाल ने आर्थिक समावेशन पर जोर देते हुए बताया कि जनधन योजना और उज्ज्वला योजना ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था की तस्वीर बदल दी है। उत्तर प्रदेश में 10 करोड़ से अधिक नए बैंक खाते और 1.86 करोड़ मुफ्त गैस कनेक्शन दिए गए हैं। ‘लखपति दीदी’ योजना से जहाँ 3 करोड़ महिलाएं सशक्त हुई हैं, वहीं ‘मुद्रा योजना’ ने स्वरोजगार के नए अवसर पैदा किए हैं।

विकास की रफ्तार पकड़ता भारत
बुनियादी ढांचे की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों का जाल अब 1.46 लाख किलोमीटर तक फैल चुका है। रेलवे के 99% विद्युतीकरण और वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों ने सफर को सुगम बनाया है। साथ ही, उड़ान योजना के तहत हवाई अड्डों की संख्या दोगुनी से अधिक (165) हो गई है, जिससे आम नागरिक को सस्ती हवाई यात्रा की सुविधा मिली है। अंत में उन्होंने दोहराया कि सरकार का संकल्प अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुँचाना है।
रिपोर्ट- जाकिर खान

