Unnao: साधु हत्याकांड का मुख्य आरोपी ढेर, 1 लाख का इनामी इजराइल पुलिस मुठभेड़ में मारा गया

Unnao News: उन्नाव के चर्चित संत राममिलन दास हत्याकांड में फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी आरोपी इजराइल उर्फ इसराइल का सोमवार तड़के पुलिस मुठभेड़ में अंत हो गया। बांगरमऊ पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई के दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, बांगरमऊ थाना क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि वांछित आरोपी इजराइल ताजपुर अंडरपास के पास मौजूद है और किसी साथी का इंतजार कर रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस और एसओजी टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को चारों तरफ से घेर लिया। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उसने जवाब में फायरिंग शुरू कर दी।

दारोगा की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी गोली

मुठभेड़ के दौरान आरोपी की ओर से चलाई गई एक गोली उपनिरीक्षक न्यूटन कुमार सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। जैकेट होने की वजह से उनकी जान बच गई।

वहीं एसओजी के सिपाही विकास भदौरिया के हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें इजराइल गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटनास्थल से पुलिस को एक तमंचा (.315 बोर), दो खोखा कारतूस और एक चाकू बरामद किया है। पुलिस का दावा है कि बरामद चाकू का इस्तेमाल संत हत्याकांड में किया गया था। फील्ड यूनिट की टीम ने मौके से अन्य साक्ष्य भी जुटाए हैं।

संत राममिलन दास हत्याकांड का था मुख्य आरोपी

इजराइल बांगरमऊ के घूरेटोला मोहल्ले में हुए संत राममिलन दास हत्याकांड का मुख्य आरोपी था। नौ जून को मंदिर निर्माण कार्य की देखरेख कर रहे संत की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई थी।

घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया था। स्थानीय लोगों ने बांगरमऊ-हरदोई मार्ग पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया था। मामले में पुलिस ने पांच नामजद समेत कई आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस अब तक इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। मुख्य आरोपी इजराइल के मारे जाने के बाद भी मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्याकांड से जुड़े सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा।

Also Read: Lucknow News: ओमेक्स रेजीडेंसी पर सरकारी सड़क और नाले को कब्जाने का आरोप, कॉलोनी वासियों ने किया प्रदर्शन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.