Lucknow News: संदीप सिंह हत्याकांड में बड़ी कामयाबी, STF ने एक लाख के इनामी गंगाराम यादव को किया गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ में प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह की हत्या के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने एक लाख रुपये के इनामी वांछित आरोपी गंगाराम यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी की गिरफ्तारी 15 जून 2026 को आलमबाग बस स्टेशन के पास, थाना आलमबाग क्षेत्र से की गई।
गौरतलब है कि 27 मई 2026 को लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
इस संबंध में थाना पीजीआई में मुकदमा संख्या 291/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए विवेचना के लिए एसटीएफ की कई टीमों को लगाया गया था।
एसटीएफ की जांच के दौरान पहले ही 31 मई 2026 को मुख्य साजिशकर्ता सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था, जबकि गंगाराम यादव फरार चल रहा था। उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
एसटीएफ को सूचना मिली कि वांछित आरोपी गंगाराम यादव आलमबाग बस अड्डे के आसपास मौजूद है। सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने दिनेश कुमार यादव और उसके चालक मुकर्रबीन उर्फ मुच्छू के कहने पर शूटरों की व्यवस्था कराई थी।
गिरफ्तार आरोपी को थाना पीजीआई, कमिश्नरेट लखनऊ में दर्ज मामले में दाखिल कर दिया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।
Also Read: फिरोजाबाद में खौफनाक वारदात, पिता ने बेटी की कुल्हाड़ी से हत्या की, पत्नी की हालत नाजुक

