Bareilly News: बिजली के तार काटने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश, मुठभेड़ में मुख्य आरोपी आसिफ घायल
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद अंतर्गत क्योलड़िया थाना पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए बिजली के पोल से तार और ट्रांसफार्मर से तेल चोरी करने वाले एक बेहद शातिर और सक्रिय अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। बुधवार की रात हुई एक मुठभेड़ के दौरान गिरोह का एक मुख्य सदस्य पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि पुलिस टीम ने घेराबंदी करके उसके 5 अन्य साथियों को भी रंगे हाथों दबोच लिया। पकड़े गए बदमाशों के पास से चोरी की दो गाड़ियां, भारी मात्रा में कटी हुई बिजली के तार, उपकरण और अवैध हथियार बरामद हुए हैं।
मजार के पास तार काटने की फिराक में था गिरोह
मामले के अनुसार, क्योलड़िया थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ क्षेत्र में शांति व्यवस्था और गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि विद्युत के खंभों से हाई-टेंशन बिजली के तार काटने वाला एक संगठित गिरोह पिछले तीन दिनों से लाल रंग की गाड़ी में इलाके की रेकी कर रहा है। गिरोह के सदस्य अंटगा चांदपुर मजार और ईंट-भट्टे के पास किसी बड़ी चोरी को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना पर भरोसा कर पुलिस टीम ने धनौर जागीर की पुलिया से आगे बढ़कर घेराबंदी शुरू की, जहाँ एक ट्यूबवेल के पास संदिग्ध गाड़ी खड़ी दिखाई दी।
पुलिस टीम को अपनी तरफ आता देख बदमाशों की गाड़ी के ड्राइवर ने बैक गियर डालकर तेजी से भागने का प्रयास किया, लेकिन इसी आपाधापी में कार का एक पहिया पास के खेत में उतर गया और गाड़ी वहीं फंस गई। खुद को घिरता देख गाड़ी की पिछली सीट पर बैठे बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से सीधे फायरिंग कर दी। पुलिस ने बदमाशों से आत्मसमर्पण करने को कहा, लेकिन ड्राइवर के बगल वाली सीट पर बैठे दूसरे बदमाश ने भी पुलिस पर गोली चला दी और सभी गाड़ी से उतरकर भागने लगे।

जवाबी फायरिंग में मुख्य आरोपी घायल, मौके से दबोचे गए साथी
पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई करते हुए नियंत्रित फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल होकर गिर पड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम आसिफ (22 वर्ष, पुत्र नन्हे, निवासी अर्शिया भोज, बहेड़ी, बरेली) बताया। पुलिस ने मौके से भाग रहे उसके चार अन्य साथियों को भी दौड़ाकर पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों में मोहम्मद हसीन (निवासी करमपुर चौधरी, इज्जतनगर, बरेली), इस्तिकार (निवासी आमखेड़ा, जहानाबाद, पीलीभीत), मुजम्मिल (निवासी अर्शियाभोज, बहेड़ी, बरेली), मोहम्मद रेहान (निवासी शेखूपुर, बहेड़ी, बरेली) शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की कड़ी निशादेही पर पुलिस ने नवाबगंज-बरखेड़ा मार्ग पर एक अन्य गाड़ी (बोलेरो) में माल समेटने का इंतजार कर रहे इनके छठे साथी आसिफ (पुत्र बसीर अहमद, निवासी मन्डनपुर सुमाली, बहेड़ी) को भी दबोच लिया। बोलेरो की तलाशी लेने पर उसमें से पूर्व में चोरी किए गए भारी मात्रा में सरकारी बिजली के तार और ट्रांसफार्मर का तेल बरामद हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर इस गिरोह ने एक सप्ताह पहले थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में की गई दो बड़ी चोरियों सहित कई अन्य वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
क्योलड़िया पुलिस ने पैर में गोली लगने से घायल हुए बदमाश आसिफ को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने इस मुठभेड़ और बरामदगी के मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ क्योलड़िया थाने में अपराध संख्या 219/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 312, 313, 109(1), 3(5), 317(5) और 3/25/27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया है। पुलिस अब इस गिरोह के पूरे नेटवर्क और इनके पुराने आपराधिक इतिहास को खंगालने में जुटी है।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: Bareilly News: पुलिस मुठभेड़ में अर्जुन हत्याकांड के मुख्य आरोपी के पैर में लगी गोली, तमंचा बरामद

