Bareilly News: पुलिस ने सेना की नई कॉम्बैट यूनिफॉर्म के कपड़े का अवैध गोदाम पकड़ा, आरोपी अरबाज गिरफ्तार

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली सैन्य छावनी (कैंट) इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और देश की आंतरिक सुरक्षा के लिहाज से एक बेहद संवेदनशील और बड़ा मामला सामने आया है। मिलिट्री इंटेलिजेंस (आर्मी इंटेलिजेंस) से मिले इनपुट के आधार पर कैंट थाना पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप की संयुक्त टीम ने नकटिया के मोहनपुर रोड स्थित एक दुकाननुमा गोदाम पर छापा मारकर भारतीय सेना की नई डिजिटल कॉम्बैट यूनिफॉर्म (युद्धक वर्दी) में इस्तेमाल होने वाले प्रतिबंधित कपड़े का एक विशाल अवैध जखीरा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी अरबाज को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

अवैध रूप से बाजार में खपाने की थी बड़ी साजिश

सैन्य सूत्रों के अनुसार, मिलिट्री इंटेलिजेंस को लगातार गोपनीय सूचनाएं मिल रही थीं कि नकटिया क्षेत्र की एक दुकान में सेना की नई कॉम्बैट यूनिफॉर्म के आधिकारिक पैटर्न से हूबहू मिलते-जुलते कपड़े का अवैध रूप से भंडारण किया गया है। खुफिया विंग ने आशंका जताई थी कि सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर इस संवेदनशील कपड़े को असामाजिक तत्वों या खुले बाजार में ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी चल रही थी, जिससे सुरक्षा में बड़ी चूक हो सकती थी।

छापेमारी में 2000 मीटर से ज्यादा फैब्रिक बरामद

सूचना की पुष्टि होते ही मिलिट्री इंटेलिजेंस, कैंट थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त विंग ने बिना वक्त गंवाए मोहनपुर रोड स्थित ठिकाने की घेराबंदी कर अचानक धावा बोल दिया। जांच के दौरान दुकान के भीतर से कपड़ों का भारी स्टॉक मिला, जिसका टेक्सचर और डिजिटल पैटर्न भारतीय सेना की आधिकारिक वर्दी से मेल खाता है। पुलिस ने मौके से…

7 बड़े बंडल: जिसमें प्रत्येक बंडल में लगभग 200-200 मीटर कपड़ा था।

5 मध्यम बंडल: जिसमें प्रति बंडल करीब 100-100 मीटर कपड़ा लपेटा गया था।

2 बड़े प्लास्टिक बैग: जिनमें तकरीबन 150 मीटर अतिरिक्त कपड़ा ठंसा हुआ था। कुल मिलाकर 2000 मीटर से अधिक प्रतिबंधित कपड़ा जब्त किया गया है।

सुरक्षा बलों को मौके से केवल कपड़ा ही नहीं, बल्कि सैन्य कर्मियों द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली अन्य आधिकारिक सामग्रियां भी भारी मात्रा में मिली हैं। बरामद माल में पी-कैप (सैन्य टोपी), कॉम्बैट कैप्स, जूतों के फीते (बूट लेस) और सेना की वर्दी के पैच में इस्तेमाल होने वाले काले रंग के वेलक्रो के कई प्लास्टिक पैकेट शामिल हैं।

Also Read: सपा के लिए सैफई ही कुनबा, मेरे लिए 25 करोड़ की जनता ही परिवार: सीएम योगी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.