मणिपुर में सुरक्षाबलों का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में UKNA का उग्रवादी ढेर, 39 बंकर किए ध्वस्त

Sandesh Wahak Digital Desk: मणिपुर में शांति व्यवस्था बहाल करने के लिए सुरक्षाबलों ने उग्रवादियों के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा संयुक्त अभियान चलाया है। इस कड़ी कार्रवाई में यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी (UKNA) का एक सक्रिय कैडर मारा गया है, जबकि अलग-अलग प्रतिबंधित संगठनों के तीन उग्रवादियों समेत कुल सात लोगों को हिरासत में लिया गया है। सुरक्षाबलों ने उग्रवादियों द्वारा अवैध रूप से बनाए गए 39 बंकरों को पूरी तरह जमींदोज़ कर दिया है।

बिष्णुपुर और कांगपोकपी में उग्रवादी गिरफ्तार, हथियारों का जखीरा मिला

पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, भारतीय सेना, असम राइफल्स और मणिपुर पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर बिष्णुपुर जिले से कांगलेइपाक कम्युनिस्ट पार्टी (KCP) और सोरेपा (SOREPA) संगठन के तीन कट्टर उग्रवादियों को दबोचा है। ये सभी इलाके में कई हिंसक वारदातों और जबरन वसूली जैसी आपराधिक गतिविधियों में शामिल थे।

इसके अलावा कांगपोकपी और चुराचांदपुर जिलों में चले सघन सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों को भारी मात्रा में युद्ध सामग्री मिली है। बरामद हथियारों में 11 सिंगल-बैरल ब्रीच-लोडिंग (SBBL) 12-बोर बंदूकें, 12-बोर के 294 जिंदा कारतूस, 2 पैकेट बारूद और 34 खाली खोखे और 6 बुलेटप्रूफ जैकेट शामिल हैं।

चुनौतीपूर्ण मौसम में सेना की सर्जिकल स्ट्राइक

रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि चुराचांदपुर जिले के हेंगलेप उपमंडल में UKNA उग्रवादियों के छिपे होने का इनपुट मिला था। बेहद दुर्गम रास्तों और खराब मौसम के बावजूद भारतीय सेना और असम राइफल्स के जवानों ने सूझबूझ से उग्रवादियों के ठिकाने को घेर लिया। खुद को घिरता देख उग्रवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को ढेर कर दिया, जबकि उसके अन्य साथी घने जंगलों का फायदा उठाकर भाग निकले। इसके बाद सेना ने वहां बने किलेबंद बंकरों को नष्ट कर दिया।

राज्य के संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में असामाजिक तत्वों की आवाजाही रोकने के लिए कुल 116 सुरक्षा नाके (चेकपॉइंट) बनाए गए हैं। इसके साथ ही इंफाल-जिरिबाम राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-37) पर जरूरी सामान ले जा रहे ट्रकों और अन्य वाहनों को सेना की कड़ी सुरक्षा में निकाला जा रहा है ताकि राज्य में सप्लाई चेन बाधित न हो।

Also Read: UP की विकास गाथा अब डिजिटल स्क्रीन पर, सूचना विभाग ने लॉन्च किया यूट्यूब चैनल सूचना प्रवाह

Get real time updates directly on you device, subscribe now.