अयोध्या के बाद श्रीकृष्ण जन्मस्थान में भी चढ़ावा विवाद! फलाहारी बाबा पर 20 लाख की चौथ मांगने का आरोप
Shri Krishna Janmabhoomi Mathura: मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मस्थान को लेकर विवाद अब और गहरा गया है। मंदिर में आने वाले चढ़ावे की राशि में कथित गड़बड़ी और गबन के आरोपों के बीच नया मोड़ तब आया, जब श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान की ओर से फलाहारी बाबा के खिलाफ गंभीर शिकायत दर्ज कराई गई।
संस्थान के उप प्रबंधक अनुराग पाठक ने गोविंद नगर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष दिनेश शर्मा उर्फ फलाहारी बाबा ने संस्थान को बदनाम करने और चौथ वसूली की कोशिश की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
चढ़ावे के गबन के आरोपों के बाद पलटा मामला
कुछ दिन पहले फलाहारी बाबा ने श्रीकृष्ण जन्मस्थान में आने वाले चढ़ावे की राशि के गबन और वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए संस्थान के प्रबंधन और कर्मचारियों पर सवाल उठाए थे। उनके आरोपों के बाद मामला चर्चा में आया था।
अब संस्थान की ओर से दावा किया गया है कि आरोप पूरी तरह निराधार हैं और संस्थान की छवि खराब करने के उद्देश्य से लगाए गए हैं।
20 लाख रुपये की चौथ मांगने का आरोप
संस्थान की शिकायत के अनुसार, विरोध करने पर फलाहारी बाबा के सहयोगियों ने दबाव बनाने की कोशिश की। आरोप है कि संस्थान से 20 लाख रुपये की चौथ मांगी गई और रकम न देने पर मीडिया तथा सोशल मीडिया के जरिए बदनाम करने की धमकी दी गई।
तहरीर में यह भी कहा गया है कि संस्थान और उसके कर्मचारियों को झूठे मुकदमों में फंसाने तथा प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की चेतावनी दी गई थी।
ट्रस्ट के नाम पर भ्रम फैलाने का आरोप
संस्थान ने शिकायत में आरोप लगाया है कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि ट्रस्ट से मिलते-जुलते नाम से एक अलग संगठन बनाकर श्रद्धालुओं और दानदाताओं के बीच भ्रम की स्थिति पैदा की जा रही है। दावा किया गया है कि इससे लोगों को गुमराह कर चंदा और दान जुटाने का प्रयास किया गया।
हालांकि इन आरोपों पर फलाहारी बाबा की ओर से अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
थाना गोविंद नगर के प्रभारी रवि त्यागी के अनुसार, संस्थान की ओर से मिली शिकायत की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
फिलहाल मथुरा का यह विवाद अब आरोप और प्रत्यारोप के नए दौर में पहुंच गया है, जिससे मंदिर प्रबंधन और धार्मिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली को लेकर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
Also Read: Bahraich: सालार मसूद गाजी दरगाह पर वित्तीय गड़बड़ी के आरोप, BJP ने की SIT जांच की मांग

