टीम इंडिया में बढ़ेगा DSP का कुनबा, आकाश दीप-मुकेश कुमार को मिलेगा तोहफा
Sports News: टीम इंडिया के मौजूदा और पूर्व क्रिकेटरों की सूची में अब दो और नाम जुड़ने जा रहे हैं, जिन्हें डीएसपी (DSP) की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
आकाश दीप और मुकेश कुमार को खेल कोटे के तहत डीएसपी बनाए जाने की अनुशंसा की गई है। दोनों क्रिकेटर एक साथ बिहार पुलिस की वर्दी पहन सकते हैं।
खेल कोटे से DSP बनाने की सिफारिश
बिहार सरकार ने दोनों खिलाड़ियों की खेल उपलब्धियों को देखते हुए यह कदम उठाया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने प्रस्ताव तैयार कर गृह विभाग को भेज दिया है।
औपचारिक मंजूरी के बाद आकाश दीप और मुकेश कुमार को डीएसपी पद पर नियुक्त किया जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दमदार रिकॉर्ड
मुकेश कुमार और आकाश दीप ने भारतीय क्रिकेट में निरंतर प्रभाव छोड़ा है। मुकेश कुमार ने भारत के लिए अब तक 27 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं, जिनमें 3 टेस्ट, 17 टी20 और 7 वनडे शामिल हैं। इस दौरान उन्होंने 32 विकेट अपने नाम किए हैं।
वहीं, आकाश दीप ने रेड-बॉल क्रिकेट में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने अब तक 10 टेस्ट मैच खेले हैं और 28 विकेट झटके हैं। एक पारी में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 99 रन देकर 6 विकेट लेना रहा है।
शादी से पहले मिली बड़ी खुशखबरी
आकाश दीप के लिए यह खबर इसलिए भी खास है क्योंकि उन्हें यह सम्मान शादी से ठीक पहले मिला है।
उनकी शादी इसी महीने की 24 तारीख को होने वाली है। ऐसे में वह न सिर्फ टीम इंडिया के डीएसपी खिलाड़ियों की सूची में शामिल होंगे, बल्कि निजी जीवन में भी नई पारी की शुरुआत करेंगे।
गौरतलब है कि इससे पहले भी हरभजन सिंह, हरमनप्रीत सिंह, मोहम्मद सिराज और दीप्ति शर्मा जैसे खिलाड़ी डीएसपी बनाए जा चुके हैं।
अब आकाश दीप और मुकेश कुमार के जुड़ने से यह सूची और मजबूत होने जा रही है।

