अयोध्या में बीजेपी के बूथ सम्मेलन में चले लात-घूंसे, लंच के दौरान रोटी को लेकर भिड़े कार्यकर्ता
Ayodhya News: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत अयोध्या के मिल्कीपुर क्षेत्र में आयोजित भाजपा के बूथ सम्मेलन में जमकर हंगामा हुआ। कुमारगंज स्थित आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में हैरिंग्टनगंज, अमानीगंज और मिल्कीपुर मंडल के कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण चल रहा था। इसी दौरान दोपहर में लंच के समय खाने की मेज पर रोटी को लेकर कार्यकर्ताओं और प्रबंधकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया।
अमानीगंज मंडल महामंत्री और सभासद के बीच हुई हाथापाई
लंच के दौरान अमानीगंज के मंडल महामंत्री सर्वेश तिवारी और कुमारगंज के नगर पंचायत सभासद रवि सिंह के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। वरिष्ठ पदाधिकारियों के दखल के बावजूद गाली-गलौज और मारपीट का दौर जारी रहा। घटना के बाद दोनों पक्ष शिकायत लेकर कुमारगंज थाने पहुंच गए। सर्वेश तिवारी ने मारपीट का आरोप लगाया, वहीं रवि सिंह का दावा है कि उनके साथी के साथ गाली-गलौज और बदसलूकी की गई।
पुलिस ने दोनों पक्षों से ली तहरीर
कुमारगंज थानाध्यक्ष सुरेश कुमार पटेल ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से लिखित शिकायत (तहरीर) प्राप्त कर ली गई है। पुलिस ने मामले की प्राथमिक जांच शुरू कर दी है और दोनों पक्षों को जांच पर्ची जारी कर दी है। पुलिस का कहना है कि विश्वविद्यालय परिसर में हुई इस घटना की जांच के बाद दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: कमल की आकृति में बनेगी यूपी की नई विधानसभा, 700 सीटों वाले सदन का डिजाइन तैयार

