CJP के आंदोलन को राजा भैया की पत्नी भानवी ने किया सपोर्ट, अखिलेश यादव का वीडियो शेयर कर जताया आभार

Lucknow News: NEET पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में जारी छात्र आंदोलन को अब राजनीतिक और सामाजिक हर वर्ग से समर्थन मिल रहा है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव इस मुद्दे को पूरी ताकत से उठा रहे हैं। वहीं, कुंडा सीट से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह ने भी अखिलेश यादव के इस कदम का स्वागत किया है और छात्रों की आवाज बुलंद करने के लिए उन्हें धन्यवाद दिया है।

भानवी सिंह ने शेयर किया अखिलेश का वीडियो

राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह ने अखिलेश यादव का एक वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है, जिसमें सपा मुखिया लोकसभा में केंद्र सरकार पर जमकर भड़कते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में अखिलेश यादव कह रहे हैं, अगर हमारी बात नहीं सुनी गई, तो हम सड़कों पर उतर आएंगे। क्या आप बेटियों के कपड़े फाड़ेंगे? वहां बच्चों के कपड़े तक फाड़े गए।

वीडियो शेयर करते हुए भानवी सिंह ने लिखा, इस न्याय की लड़ाई में जो भी छात्र, नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और समर्थक सच और न्याय के पक्ष में निडर होकर खड़े हुए हैं, उन सभी का हृदय से आभार। किसी भी जनआंदोलन की सबसे बड़ी ताकत उसके वे लोग होते हैं जो बिना किसी निजी स्वार्थ के अन्याय के विरुद्ध अपनी आवाज़ बुलंद करते हैं और लोकतंत्र को जीवंत बनाए रखते हैं।

लोकतंत्र में असहमति अपराध नहीं, अधिकार

भानवी सिंह ने आगे लिखा, इतिहास केवल बड़े नेताओं को ही नहीं, बल्कि उन अनगिनत नागरिकों को भी याद रखता है, जिन्होंने कठिन समय में सच का साथ दिया, अन्याय के सामने झुकने से इनकार किया और न्याय की लड़ाई को अपनी उपस्थिति, अपने साहस और अपने समर्थन से मजबूत बनाया। लोकतंत्र में असहमति अपराध नहीं, बल्कि एक संवैधानिक अधिकार है। जब तक सच बोलने वाले लोग मौजूद हैं, तब तक न्याय की उम्मीद भी जिंदा रहेगी।

समाजवादी पार्टी शुरू से ही कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा किए जा रहे आंदोलन का समर्थन कर रही है। सपा के कई सांसद जंतर-मंतर पर छात्रों के मंच पर पहुंच चुके हैं। 20 जुलाई को छात्रों पर पुलिसिया कार्रवाई के बाद अखिलेश यादव की पत्नी और सांसद डिंपल यादव भी वहां पहुंची थीं और घायल छात्रों की मदद करती नजर आई थीं। उनकी ये तस्वीरें सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थीं।

Also Read: CJP और केंद्र की बैठक खत्म, 2 मांगों पर बनी सहमति, धर्मेंद्र प्रधान पर अभी फैसला बाकी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.