कार्यकाल खत्म होने से 2 साल पहले बांग्लादेश के राष्ट्रपति ने दिया इस्तीफा, जानें वजह
Bangladesh News: बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने शुक्रवार को अपने कार्यकाल की समाप्ति से करीब दो साल पहले इस्तीफा दे दिया। 76 वर्षीय शहाबुद्दीन ने अपने पद छोड़ने की वजह स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को बताया। उनके इस्तीफे की जानकारी राष्ट्रपति भवन बंगभवन के एक प्रवक्ता ने दी।
‘द डेली स्टार’ की रिपोर्ट के अनुसार, शहाबुद्दीन ने कहा कि वह लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी कई परेशानियों से जूझ रहे हैं। उनके प्रतिनिधि इस्तीफा लेकर संसद के लिए रवाना हो चुके हैं। संविधान के अनुसार यह इस्तीफा संसद अध्यक्ष हफीजुद्दीन अहमद को सौंपा जाएगा।
संसद अध्यक्ष निभाएंगे कार्यवाहक राष्ट्रपति की भूमिका
राष्ट्रपति भवन के प्रवक्ता ने कहा कि जब तक संसद अध्यक्ष को इस्तीफा औपचारिक रूप से नहीं मिल जाता, तब तक इस पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की जा सकती। संविधान के मुताबिक नए राष्ट्रपति के चुनाव तक हफीजुद्दीन अहमद कार्यवाहक राष्ट्रपति की जिम्मेदारी संभालेंगे।
शेख हसीना से जुड़े विवाद के बीच आया फैसला
मोहम्मद शहाबुद्दीन को अप्रैल 2023 में पांच साल के कार्यकाल के लिए राष्ट्रपति चुना गया था। वह 1971 के मुक्ति संग्राम में भाग ले चुके हैं और निचली अदालत के न्यायाधीश भी रह चुके हैं।
हाल के दिनों में ऐसी खबरें सामने आई थीं कि उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना से फोन पर बातचीत की थी। इसको लेकर राजनीतिक विवाद भी हुआ था। शेख हसीना की अवामी लीग सरकार जुलाई-अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के बाद सत्ता से बाहर हो गई थी। इसके बाद वह 5 अगस्त 2024 से भारत में रह रही हैं। वहीं मौजूदा सरकार के प्रमुख तारिक रहमान और शेख हसीना के बीच राजनीतिक मतभेद भी लगातार चर्चा में रहे हैं।
Also Read: राहुल गांधी ने दिखाए घायल छात्र के जख्म, पैलेट गन चलाने का लगाया आरोप

