Lucknow News: हजरतगंज में हटेंगे अवैध साइन बोर्ड, LDA उपाध्यक्ष ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
Lucknow News: लखनऊ के हजरतगंज मार्केट में जल्द ही अवैध और मानकों के विपरीत लगे साइन बोर्ड हटाए जाएंगे। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने गुरुवार को क्षेत्र का निरीक्षण कर अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पता चला कि फसाड कंट्रोल गाइडलाइन के तहत दुकानदारों को नोटिस दिए जाने के बावजूद कई स्थानों पर अब भी नियमों के खिलाफ साइन बोर्ड लगे हुए हैं। इस पर उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को फटकार लगाई और कहा कि सभी साइन बोर्ड निर्धारित मानकों के अनुसार एक समान बनाए जाएं।
जलभराव और अतिक्रमण पर भी सख्ती
हजरतगंज की मुख्य मार्केट से जुड़ी गलियों में जलभराव की समस्या को देखते हुए प्रथमेश कुमार ने सभी नालियों को मुख्य नाले से जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि बारिश के दौरान पानी जमा न हो।
इसके बाद उन्होंने नाजा मार्केट का निरीक्षण किया। यहां कई दुकानों के बाहर कॉमन एरिया और पैदल चलने के रास्ते पर अवैध अतिक्रमण मिला। इस पर संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए।
महर्षि सुपंच पार्क का होगा सौंदर्यीकरण
LDA उपाध्यक्ष ने नगर निगम कार्यालय के पास स्थित महर्षि सुपंच पार्क के सौंदर्यीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि आसपास बड़ी संख्या में खाने-पीने की दुकानें होने के कारण यहां लोगों की आवाजाही अधिक रहती है। इसे देखते हुए पार्क में बैठने की बेहतर व्यवस्था की जाए। साथ ही पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए पार्क में खाने-पीने से जुड़े आकर्षक स्लोगन लगाने के भी निर्देश दिए गए।
Also Read : Kanpur News: ओआरएस और जिंक से बच सकती है मासूमों की जान, दस्त से यूपी में हर साल 28 हजार बच्चों की मौत

