लखनऊ में आजाद समाज पार्टी का प्रदर्शन, चंद्रशेखर आजाद के पहुंचने से पहले जुटे हजारों समर्थक

Lucknow Protest: लखनऊ के इको गार्डन में शनिवार को आजाद समाज पार्टी (ASP) का धरना-प्रदर्शन जारी रहा। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद के धरना स्थल पर पहुंचने की तैयारी के बीच बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और छात्र वहां जुट गए। प्रदेश के कई जिलों से पार्टी पदाधिकारी और समर्थक लगातार इको गार्डन पहुंच रहे हैं।

पेपर लीक और लाठीचार्ज को लेकर उठीं मांगें

धरना दे रहे प्रदर्शनकारी हाल के पेपर लीक मामलों और छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांग है कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान जिन पुलिसकर्मियों पर बल प्रयोग के आरोप लगे हैं और जिनकी तस्वीरें सामने आई हैं, उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए। इसके साथ ही घायल छात्रों को उचित मुआवजा देने की भी मांग की जा रही है।

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की भी मांग

धरना स्थल पर मौजूद कार्यकर्ता ‘भीम क्रांतिकारी’ के नारे लगाते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी दोहराई।

उनका कहना है कि छात्रों के हितों की रक्षा के लिए पेपर लीक मामलों में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और छात्रों के साथ कथित ज्यादती के मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए। फिलहाल इको गार्डन में प्रदर्शन जारी है और चंद्रशेखर आजाद के संबोधन का कार्यकर्ता इंतजार कर रहे हैं।

Also Read: नकल माफियाओं को मिट्टी में मिला देंगे, छात्र आंदोलन के बीच गरजे सीएम योगी 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.