नकल माफियाओं को मिट्टी में मिला देंगे, छात्र आंदोलन के बीच गरजे सीएम योगी
CM Yogi: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को फतेहपुर की जनसभा में नकल माफियाओं के खिलाफ कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि “नकल माफिया मिट्टी में मिलेंगे, उन्हें कोई नहीं बचा सकता।” मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने छात्रों के भविष्य की सुरक्षा के लिए पिछले तीन दिनों में महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं।
पेपर लीक पर सख्त कानून का जिक्र
सीएम योगी ने कहा कि केंद्रीय कैबिनेट ने ऐसा विधेयक मंजूर किया है, जिसमें छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के लिए कम से कम 10 साल की सजा और 10 करोड़ रुपये तक जुर्माने का प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि यह विधेयक सोमवार को संसद में पेश किया जाएगा।
सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग आज छात्रों के हित की बात कर रहे हैं, वही पहले युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करते रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि नकल माफिया समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की विरासत हैं, जिन्हें पहले संरक्षण मिलता था। अब ऐसे लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी और कोई भी दोषी बच नहीं पाएगा।
सरकारी भर्तियों का भी किया जिक्र
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2012 से 2017 के बीच हुई भर्तियां विवादों में रहीं, जबकि डबल इंजन सरकार बनने के बाद व्यवस्था बदली है। उनके अनुसार, पिछले सवा नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में 9 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं और इनमें किसी भी नियुक्ति में सिफारिश या रिश्वत का सहारा नहीं लिया गया।
उन्होंने कहा कि योग्य उम्मीदवारों को पारदर्शी तरीके से अवसर मिल रहे हैं और छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सरकार आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।
Also read: Agra News: पत्नी को होटल में पति के दोस्त के साथ पकड़ा, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

