Baghpat News: यूपी एसटीएफ और पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 50 हजार का इनामी शूटर विपुल उर्फ खूनी मुठभेड़ में ढेर
Baghpat News: उत्तर प्रदेश की साट-गांठ और अपराध मुक्त अभियान के तहत मेरठ एसटीएफ और बागपत पुलिस को शनिवार शाम बड़ी सफलता हाथ लगी। सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र में हुई एक मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी विपुल उर्फ ‘खूनी’ को मार गिराया। खुद को चारों तरफ से घिरा पाकर बदमाश ने पुलिस टीम पर गोलियां बरसानी शुरू कर दी थीं, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह ढेर हो गया।
शाम करीब 6 बजे मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में रणनीतिक घेराबंदी की। खुद को जाल में फंसता देख विपुल ने आपा खो दिया और पुलिस पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। दोनों ओर से हुई लगभग 12 राउंड की मुठभेड़ में गोलियां लगने से विपुल गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस उसे इलाज के लिए तुरंत पिलाना सीएचसी ले गई, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बागपत के एसपी सूरज कुमार राय के अनुसार, विपुल कुख्यात सुशील मूंछ गैंग का सक्रिय शार्प शूटर था। उस पर हत्या, लूट, रंगदारी, अपहरण और गैंगस्टर एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में 36 से अधिक मामले दर्ज थे। कई राज्यों में अपना खौफ फैलाने वाला यह बदमाश लंबे समय से फरार चल रहा था। जमानत पर बाहर आने के बाद इसने दोबारा लोगों को धमकाना और रंगदारी वसूलना शुरू कर दिया था।
जिसका भाई मारा, उसी से मांग रहा था रंगदारी
विपुल की बेखौफ कायदे-कानून की धज्जियां उड़ाने वाली मानसिकता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जिस व्यक्ति के भाई की उसने हत्या की थी, उसी के परिवार से वह मुकदमा लड़ने के लिए पैसे की उगाही कर रहा था। पुलिस ने वारदात स्थल से दो पिस्तौल, एक बाइक और खाली कारतूस बरामद किए हैं। फिलहाल विपुल के बाकी सहयोगियों और गैंग के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पुलिस ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है। इस कुख्यात अपराधी के खात्मे से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।

