Bareilly News: दस किलो से अधिक अवैध डोडा छिलका के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार

Bareilly News: जनपद में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भमोरा थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान एक नशा तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 10.150 किलोग्राम अवैध डोडा छिलका, तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, गत रात करीब 10:20 बजे भमोरा पुलिस टीम ग्राम कुड्डा से भरताना जाने वाले मार्ग पर संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुख्य सड़क के पास एक बाइक सवार संदिग्ध अवस्था में आता दिखाई दिया। पुलिस ने जब उसे रोककर तलाशी ली, तो उसके पास से 10.150 किलोग्राम अवैध डोडा छिलका बरामद हुआ। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए अभियुक्त ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह अफीम की खेती करने वाले लोगों से सस्ते दामों में डोडा छिलका खरीदता था। इसके बाद वह इसे राहगीरों और वाहन चालकों को ऊंचे दामों पर बेचकर अवैध कमाई करता था। आरोपी ने बताया कि सप्लाई देने वाले लोग अपना नाम-पता गुप्त रखते थे। फिलहाल पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुट गई है।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान विशाल (27 वर्ष) पुत्र सुरेश चन्द्र, निवासी ग्राम देवचरा, थाना भमोरा (बरेली) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना भमोरा में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। साथ ही उसकी बाइक (UP25EE7807) को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर अभियुक्त को अदालत में पेश किया जा रहा है। इस कार्रवाई को भमोरा थाना प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। टीम में उपनिरीक्षक शैलेन्द्र तौमर, मुख्य आरक्षी अजयपाल सिंह, आरक्षी मच्छेन्द्र सिंह और आरक्षी अरविन्द कुमार शामिल रहे।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: भमोरा बाईपास पर विशाल कांवड़ शिविर और भंडारे का शुभारंभ, विश्राम और सुरक्षा पर प्रशासन का विशेष जोर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.