‘खतरों के खिलाड़ी 15’ के सेट पर घायल हुए गौरव खन्ना, खतरनाक स्टंट के दौरान पीठ में आई चोट

Entertainment News: टीवी अभिनेता गौरव खन्ना स्टंट रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ की शूटिंग के दौरान घायल हो गए।

एक खतरनाक स्टंट करते समय उनकी पीठ में गंभीर चोट लग गई। अभिनेता ने सोशल मीडिया पर अपनी चोट की झलक साझा करते हुए इसे अब तक का सबसे दर्दनाक अनुभव बताया।

गौरव खन्ना ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उनकी पीठ पर चोट के निशान साफ दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह स्टंट बेहद चुनौतीपूर्ण था और इसकी वजह से उन्हें काफी दर्द झेलना पड़ा।

वीडियो साझा करते हुए उन्होंने लिखा, “टीवी पर इसे देखकर भी मुझे वही दर्द महसूस हुआ। यह अब तक का सबसे दर्दनाक अनुभव था। हम चारों इस स्टंट से गुजरे थे और आज भी मेरे शरीर पर इसके निशान हैं।”

उन्होंने वीडियो रिकॉर्ड करने के लिए साथी कंटेस्टेंट ओरहान अवात्रामणि (ओरी) का भी धन्यवाद किया।

मां को थी सुरक्षा की चिंता

इससे पहले एक इंटरव्यू में गौरव खन्ना ने बताया था कि उनकी मां नहीं चाहती थीं कि वह ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ में हिस्सा लें।

उनके अनुसार, उनकी मां को स्टंट के दौरान सुरक्षा को लेकर काफी चिंता थी। गौरव ने कहा था कि किसी भी मां के लिए अपने बच्चे को ऐसे जोखिम भरे स्टंट करते देखना आसान नहीं होता।

1 अगस्त से शुरू हुआ है शो

 

रोहित शेट्टी द्वारा होस्ट किया जा रहा ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ का प्रीमियर 1 अगस्त को कलर्स टीवी पर हुआ।

 Gaurav Khanna

शो में गौरव खन्ना के अलावा अविनाश मिश्रा, अविका गौर, जैस्मिन भसीन, रुबीना दिलैक, करण वाही, ऋत्विक धनजानी, विशाल आदित्य सिंह, हर्ष गुजराल, शगुन शर्मा, फरहाना भाट और ओरहान अवात्रामणि (ओरी) समेत कई चर्चित सितारे बतौर कंटेस्टेंट नजर आ रहे हैं।

गौरव की चोट का वीडियो सामने आने के बाद फैंस उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

Also Read: ‘आजादी के साथ जिम्मेदारी जरूरी’, जेन-Z विवाद पर कंगना रनौत की नई सफाई, इंस्टाग्राम पोस्ट में कही बड़ी बात

Get real time updates directly on you device, subscribe now.