Lucknow News: यूपी विधानसभा मानसून सत्र से पहले सपा का प्रदर्शन, दान पेटी लेकर पहुंचे विधायक, अयोध्या-NEET-आरक्षण पर सरकार को घेरा
Lucknow News: उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत से पहले सोमवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायकों ने विधानसभा परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया।
सपा विधायक हाथों में पोस्टर, बैनर और दान पेटी लेकर पहुंचे तथा अयोध्या राम मंदिर चंदा प्रकरण, NEET पेपर लीक, आरक्षण, छात्रों पर लाठीचार्ज और लंबित भर्तियों जैसे मुद्दों को लेकर योगी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
दान पेटी और पोस्टरों के साथ किया विरोध प्रदर्शन
प्रदर्शन के दौरान कई सपा विधायक दान पेटी लेकर विधानसभा पहुंचे। उनके हाथों में ऐसे पोस्टर भी थे, जिनमें अयोध्या चंदा प्रकरण, NEET परीक्षा, शिक्षा व्यवस्था और युवाओं से जुड़े मुद्दों का उल्लेख था।
सपा विधायक अतुल प्रधान ने आरोप लगाया कि चंदा प्रकरण में केवल छोटे लोगों पर कार्रवाई हुई, जबकि बड़े जिम्मेदार लोगों पर अब तक कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने स्कूलों, भर्ती प्रक्रियाओं और युवाओं के मुद्दे भी सदन में उठाने की बात कही।
इस दौरान सपा विधायक आशुतोष वर्मा साइकिल से विधानसभा पहुंचे। उन्होंने साइकिल पर भी दान पेटी लगाई थी। वहीं विधायक नसीम सोलंकी ने कहा कि छात्रों पर हुए लाठीचार्ज का जवाब सरकार को देना होगा।
सदन में इन मुद्दों पर सरकार को घेरेगा विपक्ष
नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे ने कहा कि समाजवादी पार्टी मानसून सत्र में अयोध्या प्रकरण, NEET पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था और युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी।

कांग्रेस विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने भी कहा कि उनकी पार्टी विधानसभा में अयोध्या से जुड़े मुद्दे को मजबूती से उठाएगी।
वहीं सपा नेता इरफान सोलंकी ने बसपा प्रमुख मायावती द्वारा संगठन में किए जा रहे बदलावों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन पर राजनीतिक दबाव बनाया जा रहा है।
सरकार बोली- हर सवाल का जवाब देने को तैयार
विपक्ष के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि सरकार सदन में विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।
उन्होंने बताया कि सरकार मंगलवार को दोपहर 12:30 बजे अनुपूरक बजट पेश करेगी।
सुरेश खन्ना ने यह भी कहा कि संसद में सनातन और हिंदू संस्कृति को लेकर की गई टिप्पणियां दुर्भाग्यपूर्ण हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार सभी मुद्दों पर सदन के भीतर तथ्यात्मक चर्चा के लिए तैयार है।
Also Read: बृजभूषण शरण सिंह को कोर्ट से बड़ी राहत, महिला पहलवान यौन उत्पीड़न मामले में बरी

