Sunil Chhetri की टाटा समूह से अपील, भारतीय फुटबॉल के लिए जमशेदपुर FC को बंद न करें
Sports News: भारतीय फुटबॉल टीम के दिग्गज खिलाड़ी सुनील छेत्री ने जमशेदपुर एफसी की सीनियर टीम को बंद करने के फैसले पर चिंता जताते हुए टाटा समूह से इस निर्णय पर पुनर्विचार करने की अपील की है।
उनका कहना है कि भारतीय फुटबॉल के लिए टाटा समूह का योगदान अमूल्य रहा है और ऐसे समय में क्लब का हटना खेल के लिए बड़ा झटका होगा।
छेत्री ने इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा कि जमशेदपुर एफसी की पहली टीम का संचालन बंद करने का फैसला खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के भविष्य को अनिश्चित बना देगा।
उन्होंने कहा कि इंडियन सुपर लीग (ISL) भले किसी तरह आगे बढ़ जाए, लेकिन भारतीय फुटबॉल के शीर्ष स्तर से टाटा समूह का हटना बड़ी क्षति होगी।
दरअसल, क्लब ने आगामी सीजन की भागीदारी फीस जमा न करने के बाद ISL से हटने और सीनियर टीम को भंग करने का फैसला लिया है। इसके बाद खिलाड़ियों ने भी क्लब प्रबंधन से निर्णय बदलने की अपील की है।

पूर्व भारतीय मिडफील्डर प्रणय हलदर ने कहा कि जमशेदपुर एफसी केवल एक क्लब नहीं, बल्कि एक भावना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि टाटा समूह अपने फैसले पर दोबारा विचार करेगा।
वहीं, गोलकीपर अल्बिनो गोम्स ने भी कहा कि यह केवल एक क्लब का नहीं, बल्कि भारतीय फुटबॉल के भविष्य का सवाल है।
खिलाड़ियों का मानना है कि जमशेदपुर एफसी ने कई युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया है और इसका बने रहना भारतीय फुटबॉल के विकास के लिए बेहद जरूरी है।

