मुजफ्फरनगर: 3 बीघा जमीन के लिए चली गोलियां, गन्ना समिति के पूर्व संचालक की मौत, भाई-भतीजा गिरफ्तार
Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर के पुरकाजी थाना क्षेत्र के नूरनगर गांव में तीन बीघा जमीन के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। सोमवार को गन्ना समिति के पूर्व संचालक कृष्णपाल (55) की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
घटना के बाद गांव में दहशत फैल गई। पुलिस ने मामले में मृतक के सगे भाई, पूर्व प्रधान दीपचंद और उनके बेटे अंशुल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि कृष्णपाल और उनके बड़े भाई दीपचंद के परिवार के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार को साझे के कृषि यंत्र के किराये के रुपये को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते फायरिंग में बदल गई। दोनों ओर से लाइसेंसी हथियारों से कई राउंड गोलियां चलीं। इसी दौरान कृष्णपाल के सीने में गोली लग गई। उन्हें तुरंत पुरकाजी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
समझौते के बाद भी नहीं थमा विवाद
जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले रिश्तेदारों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच जमीन का बंटवारा और समझौता कराया गया था। तीन बीघा जमीन पूर्व प्रधान दीपचंद के दिवंगत बेटे सुनील के नाम से कृष्णपाल को दी गई थी।
इसके बावजूद दोनों परिवारों के बीच तनाव लगातार बना रहा और अक्सर कहासुनी होती रहती थी। सोमवार को यही विवाद फिर हिंसा में बदल गया।
दो आरोपी हिरासत में, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी संजय वर्मा, सीओ सदर राजू कुमार साव और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से पूछताछ की। दूसरे पक्ष के दीपचंद और उनके बेटे अंशुल भी घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों के घायल होने की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Also read: उद्घाटन के एक महीने में फिर खराब हुई लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे की सड़क, NHAI ने 3 इंजीनियर हटाए

