Prayagraj: STF के हत्थे चढ़ा हथियार तस्कर गैंग का सरगना, 4 पिस्टल और 8 मैगजीन बरामद

Prayagraj News: प्रयागराज में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। STF ने अंतरराज्यीय हथियार तस्कर गिरोह के सरगना कुनाल पांडेय उर्फ शिवम पांडेय को गिरफ्तार किया है।

आरोपी के कब्जे से चार .32 बोर पिस्टल, आठ मैगजीन, एक मोबाइल फोन, एक डेबिट कार्ड और एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई है। कार्रवाई हंडिया थाना क्षेत्र के भीटी रेलवे क्रॉसिंग के पास की गई।

STF के अनुसार, काफी समय से अंतरराज्यीय हथियार तस्कर गिरोह के सक्रिय होने की सूचना मिल रही थी। इसी इनपुट पर प्रयागराज फील्ड यूनिट ने निगरानी बढ़ाई और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने खुद को हंडिया क्षेत्र का निवासी बताया।

बिहार से खरीदकर यूपी में बेचता था हथियार

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले करीब पांच वर्षों से अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त कर रहा था। उसके मुताबिक वह बिहार के राजेंद्र नगर, पटना से .32 बोर की पिस्टल करीब 30 हजार रुपये में खरीदता था और उत्तर प्रदेश में 35 से 40 हजार रुपये प्रति पिस्टल के हिसाब से बेचता था। हथियारों की तस्करी के लिए वह बुलेट मोटरसाइकिल का इस्तेमाल करता था।

STF की पूछताछ में यह भी सामने आया कि 11 जुलाई 2024 को नैनी पुलिस ने आरोपी को उसके दो साथियों के साथ 10 अवैध पिस्टल और छह जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया था, जिसके बाद वह जेल भी गया था। इस बार गिरफ्तारी के बाद हंडिया थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई स्थानीय पुलिस को सौंप दी गई है।

आरोपी के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। STF अब उसके नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है, ताकि अवैध हथियार तस्करी के पूरे गिरोह का खुलासा किया जा सके।

Also Read: Prayagraj News: STF ने ITI में सॉल्वर गैंग का किया पर्दाफाश, प्रिंसिपल, परीक्षा प्रभारी और 5 अनुदेशक समेत 11 गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.