गोरखपुर मासूम हत्याकांड: विधायक विनय वर्मा ने CM योगी से पीड़ित परिवार संग की मुलाकात, सख्त सजा की मांग
Siddharthnagar News: गोरखपुर जनपद के खजनी थाना क्षेत्र स्थित ग्राम रुद्रपुर से अपहृत 10 वर्षीय मासूम वैभव वर्मा की निर्मम हत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस जघन्य वारदात को लेकर शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा ने बुधवार को पीड़ित परिवार के साथ लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। विधायक ने मुख्यमंत्री के समक्ष पूरे घटनाक्रम की जानकारी रखते हुए मामले में संलिप्त अपराधियों पर कठोरतम कार्रवाई और उनके अवैध निर्माणों पर बुलडोज़र चलाने की मांग की।
विधायक विनय वर्मा ने ‘संदेश वाहक’ से बातचीत में बताया कि मासूम वैभव का अपहरण केवल फिरौती के उद्देश्य से किया गया था और बाद में आरोपियों ने अमानवीयता की हदें पार करते हुए उसकी हत्या कर दी। उन्होंने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि इस जघन्य अपराध से पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश है और दोषियों के खिलाफ ऐसी नज़ीर पेश करने वाली कार्रवाई जरूरी है, जिससे भविष्य में कोई ऐसा अपराध करने की हिम्मत न कर सके।
मासूम के पिता व परिजनों ने सुनाई आपबीती
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीड़ित परिजनों की व्यथा को अत्यंत गंभीरता और संवेदनशीलता से सुना। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाते हुए आश्वस्त किया कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस मामले में पुलिस प्रशासन को सख्त से सख्त कदम उठाने के निर्देश दे दिए गए हैं और दोषियों को ऐसी सजा मिलेगी जो समाज में एक मिसाल बनेगी।
मुख्यमंत्री से हुई इस उच्चस्तरीय मुलाकात के दौरान हाटा विधायक मोहन वर्मा, मृतक बालक के पिता हनुमान वर्मा तथा परिजन भृगुनाथ वर्मा एवं गौरीशंकर वर्मा भी उपस्थित रहे। विधायक विनय वर्मा ने मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत पीड़ित परिवार को त्वरित न्याय मिलेगा।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: विश्व स्तनपान सप्ताह: मेडिकल कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम, माताओं को स्तनपान के महत्व की दी जानकारी

