विश्व स्तनपान सप्ताह: मेडिकल कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम, माताओं को स्तनपान के महत्व की दी जानकारी

Sidharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद स्थित माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज के एमसीएच विंग में विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर बाल रोग विभाग द्वारा एक भव्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान वरिष्ठ चिकित्सकों ने नवजात शिशुओं के सर्वांगीण विकास में स्तनपान की अहम भूमिका पर प्रकाश डालते हुए परिजनों को जागरूक किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसएन उपाध्याय ने कहा कि मां का दूध नवजात शिशु के लिए संपूर्ण और सर्वोत्तम आहार है, जो बच्चों में प्राकृतिक रूप से रोग प्रतिरोधक क्षमता (इम्युनिटी) को बढ़ाता है। वहीं बाल रोग विभाग की प्रभारी डॉ. नम्रता चौधरी ने समाज में स्तनपान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने की आवश्यकता पर बल दिया। इसके अलावा डॉ. विपिन ने बताया कि स्तनपान शिशुओं को कुपोषण और गंभीर संक्रमणों से बचाने का सबसे अचूक उपाय है।

मेडिकल कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम, माताओं को स्तनपान के महत्व की दी जानकारी

MBBS छात्रों ने स्किट के जरिए फैलाया संदेश

कार्यक्रम में डॉ. फुरकान अहमद और डॉ. संजय ने विस्तृत पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से नवजात शिशुओं की देखभाल, सही तरीके से स्तनपान कराने के लाभ और माताओं के स्वास्थ्य पर इसके सकारात्मक प्रभावों की जानकारी दी। इस अवसर पर मुख्य आकर्षण एमबीबीएस 2022 बैच के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत की गई ‘स्तनपान जागरूकता स्किट’ (लघु नाटक) रही, जिसने उपस्थित माताओं और परिजनों का दिल जीत लिया। संचालन नर्सिंग इंचार्ज श्रीश श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम के अंत में एसएनसीयू (SNCU) में भर्ती स्वस्थ हुए नवजात शिशुओं की माताओं ने बाल रोग विभाग के डॉक्टरों व सपोर्ट स्टाफ के प्रति आभार जताया तथा सभी उपस्थित लोगों ने मातृ-शिशु स्वास्थ्य के प्रति जन-जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

रिपोर्ट- जाकिर खान

Also Read: मसूड़ों से खून या मुंह की बदबू को न करें नजरअंदाज, ये 5 संकेत हो सकते हैं गंभीर बीमारी के

Get real time updates directly on you device, subscribe now.