नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई ‘मुसाफिर कैफे’ को IMDb पर मिली 7.3 रेटिंग
Musafir Cafe Review: विक्रांत मैसी की नई वेब सीरीज ‘मुसाफिर कैफे’ नेटफ्लिक्स पर रिलीज हो गई है। यह सीरीज लेखक दिव्य प्रकाश दुबे की इसी नाम की किताब पर आधारित है। रोमांस और रिश्तों पर बनी यह कहानी उन लोगों की है, जिनके सपने कई बार उनके प्यार से भी बड़े हो जाते हैं। IMDb पर इस सीरीज को 7.3 की रेटिंग मिली है। अगर आपने यह किताब नहीं पढ़ी है, तो सीरीज आपको ज्यादा पसंद आ सकती है।
तीन किरदारों के इर्द-गिर्द घूमती है कहानी
सीरीज की कहानी चंदर, सुधा और प्रीति के इर्द-गिर्द घूमती है। चंदर और सुधा की मुलाकात एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए होती है और दोनों एक-दूसरे से प्यार करने लगते हैं। लेकिन समय के साथ सुधा को लगता है कि चंदर उसके लिए अपने सपनों से समझौता कर रहा है। यहीं से दोनों की राहें अलग हो जाती हैं।
इसके बाद चंदर पहाड़ों में नया जीवन शुरू करता है, जहां उसकी मुलाकात प्रीति से होती है। दोनों के बीच नया रिश्ता बनता है, लेकिन चंदर का अतीत फिर उसके सामने आ खड़ा होता है और कहानी नया मोड़ लेती है।
आप ने देखें या नहीं?
अगर आपको रोमांटिक ड्रामा पसंद है, तो यह सीरीज एक अच्छा विकल्प हो सकती है। आठ एपिसोड वाली इस सीरीज की सबसे बड़ी खासियत यह है कि कहानी कहीं भी बेवजह लंबी नहीं लगती। हालांकि, जिन्होंने दिव्य प्रकाश दुबे की किताब पढ़ी है, उन्हें किताब जैसी गहराई और भावनात्मक जुड़ाव शायद महसूस न हो।
सीरीज का निर्देशन रुचिर अरुण ने किया है। इसमें विक्रांत मैसी के साथ वेदिका पिंटो, महिमा मकवाना, आदिल हुसैन, आशी मालवीय और सादिया सिद्दीकी अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं। कहानी को दिव्य प्रकाश दुबे और शरण्य राजगोपाल ने लिखा है।

